



मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार, 10 अक्टूबर को राजभवन में राज्यपाल हरिभाऊ बागडे से मुलाकात की। मुख्यमंत्री की इस मुलाकात को शिष्टाचार भेंट बताया जा रहा है, लेकिन राजनीतिक हलकों में इस बैठक को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
मुख्यमंत्री और राज्यपाल के बीच इस मुलाकात के बाद राजस्थान लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष और सदस्यों की नियुक्ति के अलावा, विभिन्न राजनीतिक नियुक्तियों और मंत्रिमंडल विस्तार की संभावनाओं पर भी चर्चा शुरू हो गई है। राजनीतिक जानकारों के अनुसार, यह मुलाकात राज्य सरकार में कुछ महत्वपूर्ण बदलावों का संकेत दे सकती है।

मुख्यमंत्री कार्यालय ने इसे महज शिष्टाचार मुलाकात के रूप में ही पेश किया है, लेकिन आगामी दिनों में राज्य की राजनीति में कुछ नए घटनाक्रम देखने को मिल सकते हैं। मुख्यमंत्री शर्मा की राज्यपाल से इस मुलाकात ने मंत्रिमंडल विस्तार और राजनीतिक नियुक्तियों को लेकर अटकलों को जन्म दे दिया है।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री शर्मा आगामी 13 अक्टूबर को विदेश दौरे पर जा रहे हैं। इससे पहले वे राजस्थान लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष और सदस्य के साथ राजनीतिक नियुक्तियां भी करना चाहते हैंउसी को लेकर यह मुलाकात अहम मानी जा रही है।