



दीपावली के त्योहार को ध्यान में रखते हुए जयपुर के ग्रेटर नगर निगम में बुधवार को महापौर डॉ. सौम्या गुर्जर की अध्यक्षता में विशेष बैठक आयोजित की गई। महापौर ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सभी कार्य प्राथमिकता से पूरे किए जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि मार्च में अधिकारी की एसीआर उनके काम के आधार पर भरी जाएगी। दीपावली से पहले शहर में स्वच्छता, सड़कों की मरम्मत और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। महापौर ने घोषणा की कि इस वर्ष स्वच्छता के लिए बाजारों को पुरस्कृत किया जाएगा, और सभी जोनों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
ग्रेटर नगर निगम क्षेत्र में इस दीपावली पर 2.50 लाख गोमय दीपकों से रोशनी की जाएगी। प्रत्येक पार्षद को 1,000 दीपक दिए जाएंगे और प्रमुख चौराहों पर विशेष रूप से दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। इसके अलावा सभी खराब रोड लाइटों को बदलने और नई लाइट्स लगाने का कार्य भी किया जाएगा। ग्रेटर नगर निगम महापौर डॉ. सौम्या गुर्जर ने दशहरा और दीपावली के मद्देनजर सड़कों की मरम्मत, सफाई, आवारा पशुओं की व्यवस्था, अतिक्रमण हटाने और अन्य जरूरी कार्यों के लिए निर्देश दिए।
स्वच्छता के लिए विशेष पहल
ग्रेटर नगर निगम महापौर डॉ. सौम्या गुर्जर ने बताया कि स्कूल-कॉलेज में जाकर स्वच्छता की शपथ दिलाई जा रही है, और शहर में जनभागीदारी को बढ़ावा देने के लिए भी अभियान चलाया जाएगा। स्वच्छता सर्वेक्षण के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए अंकों के आधार पर नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है।
ग्रेटर नगर निगम महापौर डॉ. सौम्या गुर्जरने भिक्षावृत्ति को भी नियंत्रित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सड़कों पर भिक्षावृत्ति करने वालों के लिए उचित व्यवस्था की जाएगी, उनका आधार कार्ड चेक किया जाएगा, और जरूरत होने पर उनकी काउंसलिंग भी की जाएगी ताकि जयपुर को भिक्षावृत्ति मुक्त शहर बनाया जा सके।
सड़कों की मरम्मत और अन्य कार्य
ग्रेटर नगर निगम महापौर डॉ. सौम्या गुर्जर ने 26 अक्टूबर से पहले सभी क्षतिग्रस्त सड़कों के गड्ढे भरने और जरूरी पैचवर्क पूरा करने के आदेश दिए हैं। दीपावली पर जयपुर को रोशन बनाने के लिए, सभी वार्डों में आवश्यकतानुसार नई लाइट्स लगाई जाएंगी। इसके साथ ही अवैध होर्डिंग, बैनर और पोस्टर हटाने के भी निर्देश दिए गए हैं।
स्वच्छता और सफाई पर विशेष ध्यान
त्योहारी सीजन में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण और नियमित सफाई व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जाएगा। सभी जोन उपायुक्त फील्ड में रहकर सफाई व्यवस्था को मॉनिटर करेंगे और खुद अपने कार्यालयों की सफाई कर उन्हें रेड स्पॉट मुक्त करेंगे।