



भारतीय क्रिकेट टीम ने घरेलू टी20 सीरीज में बांग्लादेश के खिलाफ 3 मैचों की सीरीज को 2-0 से जीतकर अपने नाम कर लिया। बुधवार को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए दूसरे मैच में भारत ने 86 रनों की शानदार जीत हासिल की। कप्तान सूर्यकुमार यादव के नेतृत्व में भारतीय टीम ने मजबूत प्रदर्शन किया, जिसमें बल्लेबाज नीतीश रेड्डी और रिंकू सिंह ने ताबड़तोड़ अर्धशतक जड़कर दर्शकों का दिल जीत लिया।
नीतीश रेड्डी और रिंकू सिंह के आक्रामक बल्लेबाजी के चलते भारतीय टीम ने बांग्लादेश के सामने 222 रनों का लक्ष्य रखा। बांग्लादेशी गेंदबाजों के सामने नीतीश और रिंकू की जोड़ी काफी आक्रामक दिखी और उन्होंने रनों की बौछार कर दी। जवाब में बांग्लादेशी बल्लेबाजों के लिए यह लक्ष्य चुनौतीपूर्ण साबित हुआ, और भारतीय गेंदबाजों ने उन्हें खूब परेशान किया।
बांग्लादेशी टीम महज 135/9 के स्कोर तक ही पहुंच सकी। अपनी आखिरी सीरीज खेल रहे महमूदुल्लाह ने टीम के लिए 41 रन बनाए, लेकिन बाकी बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों का सामना नहीं कर सके, और 20 रनों का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाए।
भारतीय गेंदबाजों में नीतीश रेड्डी और वरुण चक्रवर्ती ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 2-2 विकेट चटकाए। उनके अलावा, अर्शदीप सिंह, वॉशिंगटन सुंदर, अभिषेक शर्मा, मयंक यादव और रियान पराग ने भी 1-1 विकेट लेकर टीम की जीत में अहम योगदान दिया। इस जीत के साथ ही भारत ने 3 मैचों की टी20 सीरीज को 2-0 से अपने नाम कर लिया।