



हरियाणा चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत का जश्न आज भाजपा प्रदेश कार्यालय में दीयों से मनाया गया। प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के नेतृत्व में, शिल्प एवं माटी कला बोर्ड की ओर से भाजपा कार्यालय में दीपक से कमल का फूल बनाकर विशेष सजावट की गई। इस अवसर पर मदन राठौड़ ने कहा कि हरियाणा चुनाव परिणाम ने दिवाली से पूर्व प्रदेश को जश्न मनाने का एक सुनहरा अवसर दिया है। उन्होंने कहा कि दिवाली का पर्व अंधेरे से उजाले की ओर ले जाने का प्रतीक है, और भाजपा का मिशन भी है कि जहां कहीं अंधकार हो, वहां रोशनी लाई जाए।
राठौड़ ने यह भी कहा कि देश को प्रतिष्ठित और संस्कारवान बनाने के लिए भाजपा की रीति और नीति को हर नागरिक तक पहुँचाने की आवश्यकता है। कार्यक्रम में शिल्प एवं माटी कला बोर्ड के चेयरमैन प्रहलाद राय टांक, विधायक हमीर सिंह भायल, भाजपा उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच, भाजपा महामंत्री श्रवण सिंह बगडी, और भाजपा प्रदेश मंत्री भूपेंद्र सैनी सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर हरियाणा की जीत के लिए दीप जलाए और पार्टी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।