Saturday, 29 August 2026

दुबई से आया युवक चिकन पॉक्स से संक्रमित, एहतियातन मंकी पॉक्स की जांच के लिए सैंपल भेजा


दुबई से आया युवक चिकन पॉक्स से संक्रमित, एहतियातन मंकी पॉक्स की जांच के लिए सैंपल भेजा

राजस्थान में मंकी पॉक्स को लेकर सतर्कता जारी है, हालांकि अब तक कोई मंकी पॉक्स रोगी सामने नहीं आया है। राज्य सरकार द्वारा भारत सरकार की गाइडलाइन के अनुसार पूरी एहतियात बरती जा रही है। हाल ही में दुबई से आए नागौर जिले के मौलासर निवासी एक 20 वर्षीय युवक को जयपुर के आरयूएचएस अस्पताल में चिकन पॉक्स के लक्षणों के साथ भर्ती किया गया।

राज्य के निदेशक जनस्वास्थ्य, डॉ. रवि प्रकाश माथुर के अनुसार, सांगानेर एयरपोर्ट पर हेल्थ ऑफिसर द्वारा स्वास्थ्य जांच में युवक के शरीर पर रेशेज पाए गए। इसके बाद उसे आरयूएचएस अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी जांच में चिकन पॉक्स की पुष्टि हुई। इसके बावजूद, मंकी पॉक्स की संभावना को पूरी तरह से नकारने के लिए युवक का ब्लड सैम्पल लेकर सवाई मानसिंह अस्पताल (एसएमएस) भेजा गया है। फिलहाल युवक की स्थिति स्थिर है और वह अस्पताल में उपचाराधीन है।

डॉ. माथुर ने बताया कि एहतियातन कदम उठाते हुए एयरपोर्ट पर उसके आस-पास बैठे यात्रियों की भी ट्रेसिंग की जा रही है। यदि युवक में मंकी पॉक्स की पुष्टि होती है, तो भारत सरकार की गाइडलाइन के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। यह भी स्पष्ट किया गया कि दुबई मंकी पॉक्स से प्रभावित देशों में शामिल नहीं है, इसलिए अतिरिक्त सतर्कता के साथ स्थिति का आकलन किया जा रहा है।

Previous
Next

Related Posts