



हरियाणा विधानसभा चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत का जश्न मंगलवार को भाजपा मुख्यालय, जयपुर में मनाया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, और कई भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस मौके पर जमकर आतिशबाजी की गई और मिठाई बांटी गई। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने स्वयं भाजपा कार्यालय में जलेबी बनाकर जीत का उत्सव मनाया और पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं के साथ अपनी खुशी साझा की।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि हरियाणा की जनता ने भाजपा की रीति-नीति और विकास कार्यों पर विश्वास जताया है, जिससे उनकी पार्टी को तीसरी बार लगातार राज्य की सेवा करने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अगली बार भी देश में भाजपा की सरकार बनेगी। शर्मा ने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि वे ‘आलू से सोना और फैक्ट्री से जलेबी बनाने’ जैसे अवास्तविक वादे करते हैं, जबकि भाजपा राष्ट्र सेवा और जनता के कल्याण में जुटी हुई है।
मुख्यमंत्री शर्मा ने बताया कि हरियाणा चुनाव में राजस्थान से भी कई कार्यकर्ता पहुंचे थे, जिनकी मेहनत और लगन का यह परिणाम है। उन्होंने राजस्थान में आगामी उपचुनावों में भी कार्यकर्ताओं से जी-जान से जुटने का आह्वान किया और विश्वास जताया कि भाजपा सभी सीटों पर जीत हासिल करेगी।