



भिवाड़ी जिला पुलिस की साइबर सेल में तैनात सात पुलिसकर्मी पिछले कुछ दिनों से अपने एसपी ज्येष्ठा मैत्रयी की लोकेशन का पता कर रहे थे। एसपी को इस हरकत की जानकारी मिली, तो उन्होंने तुरंत पुलिस मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी सूचना दी। पुलिस मुख्यालय ने इस मामले को गंभीर मानते हुए एसपी को सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इसके बाद एसपी ने साइबर सेल के इंचार्ज समेत सात पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया। इन सस्पेंड किए गए पुलिसकर्मियों में एसआई श्रवण जोशी, हेड कॉन्स्टेबल अवनेश कुमार और कॉन्स्टेबल राहुल, सतीश, दीपक, भीम और रोहताश शामिल हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच एक वरिष्ठ आरपीएस अधिकारी को सौंपी गई है। पुलिस मुख्यालय ने इस केस पर नजर बनाए रखी है और एक एडिशनल एसपी स्तर के अधिकारी को इसकी मॉनिटरिंग का कार्य सौंपा गया है। इस केस में कई सवाल खड़े हो रहे हैं, जैसे कि एसपी की लोकेशन निकालने का आदेश किसने दिया और इन पुलिसकर्मियों ने यह जानकारी किसे दी।
एक वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी ने बताया कि अपने एसपी की लोकेशन निकालने का यह प्रयास अपराध की श्रेणी में आता है। इस मामले में सस्पेंड हुए पुलिसकर्मियों से पूछताछ की जाएगी कि वे किन कारणों से अपने एसपी की लोकेशन का पता लगाना चाहते थे। यह भी देखा जाएगा कि कहीं यह कोई संगठित प्रयास तो नहीं था, और इसके पीछे क्या मंशा थी।