



विज्ञान भारती राजस्थान के संगठन सचिव डॉ. मेघेन्द्र शर्मा को छठी बार भारत अंतरराष्ट्रीय विज्ञान महोत्सव (IISF) के लिए राष्ट्रीय समन्वयक नियुक्त किया गया है। इस महोत्सव का आयोजन विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय, भारत सरकार और विज्ञान भारती के संयुक्त प्रयासों से किया जाएगा। IISF 2024 का आयोजन गुवाहाटी में होगा, जिसमें डॉ. शर्मा "विकसित भारत 2047 के लिए विज्ञान और प्रौद्योगिकी की नई सीमाएं – प्रज्ञा भारत" थीम पर आधारित विशेष कार्यक्रम का राष्ट्रीय समन्वयन करेंगे।
विज्ञान को जन-जन तक पहुंचाने का अनूठा मंच : IISF विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भारत के सबसे बड़े आयोजनों में से एक है, जो हर साल विज्ञान को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करता है। इस महोत्सव का उद्देश्य विज्ञान को सरल और रोचक तरीके से प्रस्तुत कर युवाओं, छात्रों और समाज के विभिन्न वर्गों में विज्ञान के प्रति रुचि को बढ़ाना है।
500 प्रतिभागियों का राष्ट्रीय सम्मलेन: इस कार्यक्रम में देशभर से लगभग 500 प्रमुख वैज्ञानिक, शोधकर्ता, शिक्षाविद और छात्र भाग लेंगे, जो भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में विज्ञान और प्रौद्योगिकी के नए आयामों पर चर्चा करेंगे। "प्रज्ञा भारत" थीम के अंतर्गत उभरती प्रौद्योगिकियों और नवाचारों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
IISF: विज्ञान के क्षेत्र में भारत की वैश्विक स्थिति को सशक्त बनाने का प्रयास: IISF युवाओं के लिए विज्ञान और प्रौद्योगिकी में नए विचारों और प्रयोगों को प्रोत्साहित करने का एक प्रेरणास्रोत है। यह महोत्सव वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं और छात्रों के बीच ज्ञान और अनुभव का आदान-प्रदान करके भारत की वैश्विक स्थिति को और अधिक सशक्त बनाने का एक सशक्त मंच बनेगा।