



मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने लंदन में आयोजित होने वाली "राइजिंग राजस्थान इन्वेस्टमेंट समिट" के तहत निवेशक मीट और रोड शो में भाग लेने के लिए 13 से 25 अक्टूबर तक विदेश यात्रा की अनुमति हेतु कोर्ट में आवेदन किया है। मुख्यमंत्री की ओर से यह अर्जी जिले की एडीजे-4 अदालत में दाखिल की गई है, जिस पर बुधवार को सुनवाई होगी।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा गोपालगढ़ दंगा मामले में जमानत पर हैं, जिसमें कोर्ट ने उन्हें विदेश यात्रा के लिए अनुमति लेने की शर्त लगाई थी। पिछली यात्रा के दौरान दक्षिण कोरिया और जापान जाने पर उन्होंने पूर्वानुमति नहीं ली थी, जिसके चलते अधिवक्ता सांवरमल चौधरी ने उनकी अग्रिम जमानत रद्द करने की मांग करते हुए कोर्ट में अर्जी दाखिल की थी। इस मामले पर कोर्ट ने सीएम और सीबीआई से स्पष्टीकरण मांगा था।
2011 में गोपालगढ़ में हुई दंगों के मामले में भजनलाल शर्मा समेत अन्य को 10 सितंबर, 2013 को सशर्त अग्रिम जमानत मिली थी। शर्त के अनुसार, बिना अनुमति देश से बाहर नहीं जा सकते, जांच में सहयोग करेंगे, और गवाहों को धमकाने से बचेंगे।
इसी मामले में आरोपित पूर्व मंत्री जाहिदा खान ने भी शर्तों में राहत की मांग करते हुए कहा है कि 11 साल बीतने के बावजूद केवल 60 गवाहों के बयान हुए हैं, और आरोप मात्र राजकार्य में बाधा डालने का है जो जमानतीय है। इसलिए, विदेश यात्रा की अनुमति के लिए लगाई गई शर्त को हटाना न्यायसंगत है।