Saturday, 29 August 2026

पुष्कर सरोवर पर इजरायली पर्यटकों ने शहीदों की आत्मशांति के लिए की महाआरती,सुरक्षा के कड़े प्रबंध


पुष्कर सरोवर पर इजरायली पर्यटकों ने शहीदों की आत्मशांति के लिए की महाआरती,सुरक्षा के कड़े प्रबंध

पुष्कर गत वर्ष हमास के आतंकी हमले में मारे गए इजरायली नागरिकों की आत्मशांति और ईरान-लेबनान युद्ध में विजय की कामना करते हुए इजरायल के 23 सदस्यीय पर्यटक दल ने पुष्कर सरोवर में महाआरती व तर्पण किया। इस महाआरती में इजरायली पर्यटकों ने शहीदों के प्रति अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की और पुष्कर सरोवर पर आयोजित इस पूजन में सम्मिलित होकर भावुक हो गए।

तीर्थ पुरोहित गोपाल पाराशर के अनुसार गत वर्ष होली के समय 12 इजरायली पर्यटक पुष्कर आए थे, जिनमें से चार की हमास द्वारा निर्मम हत्या कर दी गई थी। उन चारों की आत्मा की शांति के लिए उनके परिजनों ने पुष्कर सरोवर पर ग्वालियर घाट पर तर्पण किया। प्रमुख इजरायली पर्यटक डानी और उनकी पत्नी मरिता ने अपने 26 वर्षीय पुत्र अलोन की आत्मा की शांति के लिए यह अनुष्ठान किया। डानी ने कहा कि अलोन की नृशंस हत्या ने उन्हें गहरा आघात पहुंचाया है और वे चाहते हैं कि इजरायल इस युद्ध में विजय प्राप्त करे। उन्होंने भारत को इजरायल का सच्चा मित्र बताते हुए भारत का आभार व्यक्त किया।

विदेशियों ने मंत्रोच्चार किया और महाआरती में भाग लिया
इजरायली पर्यटकों ने हिंदी में मंत्रोच्चार करते हुए पुरोहित द्वारा निर्देशित तर्पण क्रिया पूरी की। इसके पश्चात सभी पर्यटक बद्री घाट पहुंचे और महाआरती में सम्मिलित हुए। पंडित शशांक पाराशर ने महाआरती का नेतृत्व किया, जिससे पुष्कर सरोवर का वातावरण और भी पवित्र हो उठा।

पुष्कर में इजरायली धर्मस्थल बेद खबाद की सुरक्षा बढ़ाई गई, पुलिस अधीक्षक ने की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा

पुष्कर में स्थित इजरायली धर्मस्थल बेद खबाद (खबाद हाउस) की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। अजमेर जिले की पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा ने खबाद हाउस का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। खबाद हाउस लंबे समय से आतंकियों के निशाने पर रहा है, जिससे इसे विशेष सुरक्षा कवच दिया गया है। जिला प्रशासन के आला अधिकारी यहां नियमित रूप से निरीक्षण करते हैं और सुरक्षा इंतजामों को अद्यतन रखते हैं।

पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा ने बताया कि पुष्कर में विदेशी पर्यटकों, विशेषकर इजरायली नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता पर है। पुष्कर में बड़ी संख्या में विदेशी पर्यटक आते हैं, जिनमें इजरायली पर्यटक भी शामिल होते हैं, जो बेद खबाद में धार्मिक गतिविधियों में भाग लेते हैं। प्रशासन की ओर से सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है और सीसीटीवी मॉनिटरिंग को भी सुदृढ़ किया गया है।

Previous
Next

Related Posts