Saturday, 29 August 2026

भीलवाड़ा के माइंस कारोबारी का आरोप: करोड़ों की खनन मशीनरी चोरी, पूर्व राजस्व मंत्री और एडीजी के भाई पर संलिप्तता का आरोप


भीलवाड़ा के माइंस कारोबारी का आरोप: करोड़ों की खनन मशीनरी चोरी, पूर्व राजस्व मंत्री और एडीजी के भाई पर संलिप्तता का आरोप

भीलवाड़ा के माइंस कारोबारी और ब्लैक माउंट ग्रेनाइट्स के डायरेक्टर जोशी ने आरोप लगाया है कि करेड़ा क्षेत्र में स्थित उनकी खदान से षड्यंत्रपूर्वक भारी मशीनरी, जिसमें एक्सकेवेटर, डम्पर और अन्य महंगे उपकरण शामिल हैं, चोरी कर लिए गए। जोशी का दावा है कि उनके मामले में पूर्व राजस्व मंत्री रामलाल जाट और एडीजी (आई बटालियन) आनंद श्रीवास्तव के भाई अरविंद श्रीवास्तव का नाम होने के कारण उनकी शिकायत पर किसी ने ध्यान नहीं दिया।

करेड़ा थाना पुलिस ने शुक्रवार को अदालत के आदेश पर बड़ी कार्रवाई करते हुए जयपुर के बनीपार्क निवासी अरविंद श्रीवास्तव, मथुरा निवासी श्यामसुंदर गोयल, गाजियाबाद निवासी चंद्रकांत शुक्ला, जोधपुर निवासी राजकुमार विश्नोई, और जयपुर निवासी जितेंद्र धाबाई के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोप है कि 2018 से 2021 के बीच अरविंद श्रीवास्तव, श्यामसुंदर गोयल, चन्द्रकांत शुक्ला, राजकुमार विश्नोई और जितेन्द्र धाबाई ने खनन क्षेत्र में धोखाधड़ी और बलपूर्वक प्रवेश कर करोड़ों की मशीनरी चुराई।

प्रकरण में आरोपियों के खिलाफ शिकायत मिलने के बाद अदालत ने पुलिस को आदेश दिया, जिसके तहत यह कार्रवाई की गई है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और संबंधित आरोपियों से पूछताछ कर रही है।

जोशी के अनुसार यह मशीनरी उदयपुर और केरल में स्थानांतरित कर दी गई। आरोपियों में एक व्यक्ति का नाम अंतरराष्ट्रीय मूर्ति तस्करी मामले में भी आ चुका है, जिसमें 2003 में पुलिस ने मूर्ति तस्करी रैकेट का पर्दाफाश किया था। इस मामले में बड़े स्तर पर गिरफ्तारियां हुईं थीं, पर बाद में अदालत ने आरोपियों को खामियों के चलते बरी कर दिया था।

जोशी का कहना है कि कांग्रेस शासन में पुलिस ने उनकी शिकायतों को अनदेखा किया, जबकि भाजपा सरकार में भी उन्हें न्याय नहीं मिला। उन्होंने बताया कि पुलिस और प्रशासन में शीर्ष पदों पर अधिकारियों के होने से उनके मामले में निष्पक्षता नहीं बरती गई। अब इस मामले में पुलिस जांच और अदालती कार्रवाई के जरिये वास्तविकता सामने आने की उम्मीद की जा रही है।

Previous
Next

Related Posts