



जयपुर में ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के सेक्रेटरी मौलाना फजलूर्रहीम ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की, जिसमें उन्होंने डॉ. किरोड़ी लाल मीणा द्वारा लगाए गए आरोपों पर खुलकर अपनी प्रतिक्रिया दी। मौलाना फजलूर्रहीम ने आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि डॉ. किरोड़ी लाल मीणा जैसे जिम्मेदार नेता को किसी पर बिना तथ्यों के आरोप नहीं लगाने चाहिए।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौलाना के साथ वकील एम ए खान भी मौजूद थे, जिन्होंने बताया कि जामिया हिदायत 1974 से वक्फ बोर्ड में पंजीबद्ध है और आरोपों में कोई सच्चाई नहीं है। उन्होंने कहा कि मंदिरों या वक्फ की जमीन को बेचना जैसे आरोप पूरी तरह से गलत हैं और डॉ. मीणा को पहले तथ्यों की पूरी जानकारी लेनी चाहिए थी।
मौलाना फजलूर्रहीम ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि डॉ. मीणा द्वारा जारी वीडियो उनके भाई का है, न कि उनका। हालांकि, मौलाना ने इस मामले में कानूनी कार्रवाई करने से इनकार किया और कहा कि वे फिलहाल कोर्ट नहीं जाएंगे।