Saturday, 29 August 2026

जयपुर पुलिस ने फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़, 400 लोगों से 1 करोड़ की ठगी, मास्टरमाइंड सहित 8 आरोपी गिरफ्तार


जयपुर पुलिस ने फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़, 400 लोगों से 1 करोड़ की ठगी, मास्टरमाइंड सहित 8 आरोपी गिरफ्तार

जयपुर पुलिस ने गुरुवार को एक फर्जी कॉल सेंटर का पर्दाफाश करते हुए मास्टरमाइंड सहित 8 लोगों को गिरफ्तार किया है। यह कॉल सेंटर 'स्मार्ट डिजिटल सेवा केंद्र' के नाम से आधार, पैन कार्ड और ई-मित्र सेवाएं देने के नाम पर ठगी कर रहा था। पुलिस जांच में यह सामने आया कि कॉल सेंटर के माध्यम से करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी की जा रही थी। फर्जीवाड़ा चलाने वाले लोग पुलिस से बचने के लिए लगातार स्थान बदलते रहते थे।

डीसीपी (ईस्ट) तेजस्वनी गौतम ने बताया कि पुलिस ने इस कॉल सेंटर से 7 मोबाइल, 16 मॉनिटर, 16 सीपीयू, 1 लैपटॉप और कॉलिंग डाटा जब्त किया है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि सितंबर महीने में करीब 400 लोगों से 1 करोड़ रुपये की ठगी की गई थी।

पुलिस को मुखबिर से जानकारी मिली थी कि मालवीय नगर स्थित एक बिल्डिंग के तीसरे फ्लोर पर प्रमोद नाम का युवक 'स्मार्ट डिजिटल सेवा केंद्र' के नाम से एक फर्जी ऑफिस चला रहा है। पुलिस ने छापा मारकर प्रमोद और उसके साथियों को गिरफ्तार किया। प्रमोद ने खुलासा किया कि वह फेसबुक पर विज्ञापन देकर लोगों से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराता था और फिर डॉक्यूमेंट लेकर विभिन्न फीस के नाम पर उनसे पैसे ऐंठता था। इसके अलावा, वह फर्जी सॉफ्टवेयर और डैशबोर्ड भी बेचता था।

गिरफ्तार किए गए बदमाशों में प्रमोद कुमार (27), अम्रितम कुमार (23), योगेश जांगिड़ (19), शुभम सामरिया (18), राहुल सिंह (21), सौरभ शर्मा (21), सीताराम (24), और रोहित मुराड़िया (20) शामिल हैं।

Previous
Next

Related Posts