Saturday, 29 August 2026

एकीकृत कर्मचारी संयुक्त महासंघ के कर्मचारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में किया प्रदर्शन, मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा


एकीकृत कर्मचारी संयुक्त महासंघ के कर्मचारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में किया प्रदर्शन, मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा

टोंक अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ (एकीकृत) के बैनर तले बुधवार को गांधी जयंती के अवसर पर कर्मचारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में जोरदार प्रदर्शन किया। महासंघ के जिलाध्यक्ष राजाराम जांगिड़ की अगुवाई में कर्मचारियों ने जिला कलेक्टर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में राज्य और देशव्यापी ज्वलंत मांगों की ओर ध्यान आकर्षित किया गया, जिनमें मुख्य रूप से राजस्थान के कार्मिकों का एनपीएस मद का लगभग 41 हजार करोड़ रुपया केंद्र सरकार द्वारा राज्य सरकार को लौटाकर कर्मचारियों के जीपीएफ खातों में जमा करने की मांग की गई है।

इसके साथ ही, कर्मचारियों ने पूरे देश में पुरानी पेंशन योजना को फिर से लागू करने और आठवें वेतन आयोग का गठन कर पूरे देश में एक समान राष्ट्रीय वेतन आयोग लागू करने की मांग की। राजस्थान के कर्मचारियों ने केंद्र और अन्य राज्यों के वेतन ढांचे की तुलना में व्याप्त वेतन विसंगतियों को भी शीघ्र दूर करने की मांग की।

जिलाध्यक्ष राजाराम जांगिड़ ने कहा कि राष्ट्रव्यापी आंदोलन के तहत कर्मचारियों की मांग है कि राजस्थान सहित पूरे देश में राजकीय विभागों, निगमों, और बोर्डों में ठेका, संविदा, और मानदेय पर शोषणकारी नियुक्ति प्रथाओं को समाप्त किया जाए। इसके स्थान पर सभी कार्यरत कर्मचारियों का नियमितिकरण किया जाना चाहिए।

इस प्रदर्शन के दौरान प्रमुख पदाधिकारी और कर्मचारी नेता, जैसे जिला मंत्री प्रमोद स्वर्णकार, प्रबोधक संघ के अध्यक्ष कन्हैया लाल बैरवा, माध्यमिक और प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष हंसराज मीणा, जिला उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह नरूका, बद्री प्रसाद पालीवाल, ताराचंद प्रजापत, ब्रजेश देवतवाल, रामसहाय मीणा, ओमप्रकाश जाट, नेमीचंद यादव, विक्रम सिंह मीणा, और कई अन्य कर्मचारी शामिल थे।



Previous
Next

Related Posts