



राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल पर राज्य में चलाए जा रहे “शुद्ध आहार, मिलावट पर वार” अभियान के तहत जयपुर में बुधवार को खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की। इस अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा आयुक्त इकबाल खान के निर्देशन और अतिरिक्त आयुक्त खाद्य सुरक्षा पंकज ओझा के नेतृत्व में पानो का दरीबा स्थित गणपति देसी घी भंडार पर छापा मारा गया।
कार्रवाई के दौरान घी और पनीर के नमूने लेकर उन्हें परीक्षण के लिए प्रयोगशाला में भेजा गया। इसके साथ ही दुकान पर पाए गए 150 लीटर घी को सीज कर दिया गया। दुकान पर विभिन्न ब्रांडों के घी को खोलकर बेचा जा रहा था, जिससे खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन होने की आशंका जताई गई।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने पाया कि खाद्य कारोबार संचालन में कई कमियां थीं, जिसके कारण प्रतिष्ठान को नोटिस जारी किया गया है। नमूनों की जांच के बाद यदि मिलावट की पुष्टि होती है, तो संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्यवाही का नेतृत्व अतिरिक्त आयुक्त खाद्य सुरक्षा पंकज ओझा ने किया, जबकि खाद्य सुरक्षा अधिकारी रतन गोदारा, नरेश चेजारा, पवन गुप्ता और नरेन्द्र शर्मा भी मौके पर मौजूद थे।
राज्य सरकार का यह अभियान खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए लगातार चलाया जा रहा है, ताकि आम जनता को मिलावट से मुक्त और शुद्ध आहार उपलब्ध कराया जा सके।