



भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्षऔर केंद्रीय चिकित्सा मंत्री जेपी नड्डा 5 अक्टूबर शनिवार को जयपुर प्रवास पर रहेंगे। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने जानकारी दी कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा शाम 7 बजे जयपुर एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे, जहां सांगानेर एयरपोर्ट पर उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। नड्डा के इस दौरे को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने बताया कि जेपी नड्डा शाम 7:30 बजे से स्टेच्यू सर्किल स्थित एक होटल में जयपुर के चार्टर्ड अकाउंटेंट्स से मुलाकात करेंगे और उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाएंगे। इसके बाद रात 8:30 बजे भाजपा प्रदेश कार्यालय में जेपी नड्डा पार्टी के जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे।
भाजपा सदस्यता अभियान के प्रदेश संयोजक डॉ. अरुण चतुर्वेदी ने बताया कि इस बैठक में सांसद, पूर्व सांसद, विधायक, पूर्व विधायक, जिला प्रमुख, मेयर, उप महापौर समेत पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे। बैठक में भाजपा के सदस्यता अभियान की समीक्षा की जाएगी और आगामी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।