



मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को दुर्गापुरा स्थित राज्य कृषि प्रबंधन संस्थान में आयोजित ‘स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण एवं आवासीय पट्टा वितरण कार्यक्रम’ के तहत लगभग 21 हजार विमुक्त, घुमंतु और अर्द्धघुमंतु परिवारों को आवासीय पट्टे वितरित किए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार महात्मा गांधी जी के स्वच्छता और गरीब कल्याण के विचारों को साकार करने की दिशा में कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री मोदी ने मजदूर, किसान, युवा, और महिला को चार जातियों के रूप में मान्यता दी है और इन्हीं वर्गों के उत्थान के लिए योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि गांधीजी के विचारों से प्रेरित स्वच्छ भारत मिशन को प्रधानमंत्री ने जन आंदोलन का रूप दिया और देशभर में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2024 तक चले ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के अंतर्गत कई लक्षित इकाइयों को स्वच्छ बनाया गया।
इस कार्यक्रम में राज्य सरकार द्वारा विमुक्त, घुमंतु और अर्द्धघुमंतु समुदायों के आवासहीन व्यक्तियों को आवासीय भूमि आवंटित की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये समुदाय हमारी संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में बड़ी भूमिका निभाई थी। करीब 21 हजार लाभार्थियों को आवासीय पट्टे वितरित किए गए हैं, जिससे उन्हें स्थायी आवास मिल सकेगा।

मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार ने 9 महीने के कार्यकाल में किसानों, मजदूरों, युवाओं और महिलाओं के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। इनमें रसोई गैस सिलेंडर पर सब्सिडी, एमएसपी में वृद्धि, और पंचायत कर्मियों के मानदेय में बढ़ोतरी जैसे फैसले शामिल हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार 5 वर्षों में 4 लाख सरकारी नौकरियों के सृजन का संकल्प लेकर चल रही है और 60 हजार चतुर्थ श्रेणी के पदों पर शीघ्र नियुक्ति की जाएगी।
इस दौरान, बीकानेर के लाभार्थी मनफूल नाथ ने आवासीय पट्टा पाकर खुशी जताई और मुख्यमंत्री शर्मा का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि पट्टे प्राप्त लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान भी बनाकर दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा आयोजित ‘स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण एवं आवासीय पट्टा वितरण कार्यक्रम’ में कई प्रमुख जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान पंचायतीराज मंत्री मदन दिलावर, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज राज्यमंत्री ओटाराम देवासी, जयपुर सांसद श्रीमती मंजू शर्मा, जयपुर जिला प्रमुख श्रीमती रमा चोपड़ा, शासन सचिव पंचायतीराज डॉ. जोगाराम और स्वच्छ भारत मिशन निदेशक सलोनी खेमका भी मौजूद थे।