



गाँधी जयंती के अवसर पर नीड़ संस्था की ओर से मानसरोवर, जयपुर के सेक्टर 73 के दो पार्कों में पक्षियों के लिए परिंडे और चुग्गा पात्र लगाए गए। इस पर्यावरणीय अभियान का उद्देश्य पक्षियों के लिए भोजन और पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करना है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व आईएएस अधिकारी मनोज शर्मा, सर्व सेवा संघ के प्रदेश अध्यक्ष सवाई सिंह शेखावत, वरिष्ठ पत्रकार कवि नरेंद्र खंडेलवाल और गाँधीवादी वरिष्ठ अधिवक्ता अरविंद भारद्वाज ने पक्षियों के चुग्गा पात्रों में दाना-पानी डाला।
नीड़ संस्था के संयोजक अजीत तिवारी ने बताया कि इस माह में मानसरोवर के पार्कों में 150 परिंडे और चुग्गा पात्र लगाए जाएंगे। कार्यक्रम में सेवा निवृत्त अतिरिक्त जन सम्पर्क निदेशक अरुण जोशी, वरिष्ठ पत्रकार हरिओम शर्मा, महा सचिव प्रशांत जैन और 'अपनी पाठशाला' की संचालिका मिनेश ओबार एवं मोनू देव भी उपस्थित थे। कार्यक्रम में कवि बनज कुमार, सर्वोदयी, विनय कुमार और बनवारी सोनी ने पक्षियों और महात्मा गांधी पर सुंदर कविताएं प्रस्तुत कीं।

गोकुल भाई भट्ट के समाधि स्थल पर भी लगाए परिंडे
गाँधी जयंती की पूर्व संध्या पर दुर्गापुरा स्थित सर्वोदयी कार्यकर्ता गोकुल भाई भट्ट के समाधि स्थल परिसर में भी परिंडे और चुग्गा पात्र लगाए गए। सर्व सेवा संघ के अध्यक्ष सवाई सिंह शेखावत, अजीत तिवारी, नरेंद्र सर्वोदयी और प्रशांत जैन ने इस कार्य में भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
