



गृह, गोपालन एवं डेयरी राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने अधिकारियों से कहा कि वे जनता के प्रति जवाबदेही के साथ काम करें और राज्य सरकार की योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन पारदर्शिता के साथ सुनिश्चित करें, जिससे लोगों को अधिकतम लाभ मिल सके। श्री बेढ़म मंगलवार को भरतपुर कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित विभागीय योजनाओं की समीक्षा बैठक में भरतपुर और डीग जिलों के अधिकारियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने जोर दिया कि सभी अधिकारी विभागीय योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करें और हर पात्र परिवार को समय पर लाभ पहुंचे।
अपराध रोकथाम पर विशेष जोर
श्री बेढ़म ने पुलिस विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए अपराधों की रोकथाम और अनुसंधान में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी, महिला अत्याचार और पोक्सो मामलों में त्वरित अनुसंधान के साथ-साथ झूठे मामलों में भी कार्रवाई करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि महिला शक्ति आत्मरक्षा प्रशिक्षण और सुरक्षा सखी के माध्यम से सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार किया जाए। उन्होंने प्रत्येक थाने में महिला डेस्क को सक्रिय करने और एन्टी रोमियो गतिविधियों को बढ़ाने के निर्देश दिए।
जसवंत प्रदर्शनी के आयोजन पर निर्देश
राज्य मंत्री ने पशुपालन विभाग को जसवंत प्रदर्शनी मेले का ऐतिहासिक स्वरूप बनाए रखते हुए गरिमा से आयोजन करने के निर्देश दिए। मेले में पानी निकासी, सुरक्षा व्यवस्था और पशुपालकों के लिए चल पशु चिकित्सा वाहनों का लाभ देने के लिए विशेष ध्यान देने को कहा गया। साथ ही, चारागाह जमीनों पर गौशाला शुरू करने और मत्स्य पालन को बढ़ावा देने के लिए जलस्रोतों की सूची बनाकर योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने पर जोर दिया।
डेयरी विभाग में सुधार के निर्देश
गृह राज्य मंत्री ने डेयरी विभाग में हो रही अनियमितताओं पर नाराजगी व्यक्त की, जिससे विभाग लगभग 90 लाख रुपये के घाटे में है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य सरकार द्वारा स्वीकृत 30 करोड़ रुपये की बजट घोषणा का प्लान बनाकर काम किया जाए। श्री बेढ़म ने भरतपुर और डीग जिलों में दुग्ध उत्पादन की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए घाटा कम करने के निर्देश दिए। साथ ही, उन्होंने डेयरी विभाग में चिलिंग प्लांट और पैकिंग की व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता पर भी बल दिया।