



हैरिटेज नगर निगम की कार्यवाहक महापौर कुसुम यादव ने सोमवार को परकोटा क्षेत्र के बाजारों में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चांदपोल, किशनपोल, छोटी चौपड़, त्रिपोलिया बाजार, चौड़ा रास्ता, बड़ी चौपड़, और सुभाष चौक बाजार में सफाई की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान, महापौर ने कई जगहों पर कचरा और गंदगी पाई, जिस पर उन्होंने खुद झाड़ू लगाकर सफाई की और व्यापारियों को स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। उन्होंने व्यापारियों से अनुरोध किया कि वे अपनी दुकानों के सामने डस्टबिन रखें और कचरे को केवल नगर निगम के स्वच्छता रथ में डालें। महापौर ने व्यापारियों को बाजार में सड़क और बरामदों को साफ रखने के लिए भी प्रेरित किया। इस दौरान कुछ व्यापारियों ने सफाई व्यवस्था की कमी को लेकर शिकायतें भी दर्ज कराई, जिन पर महापौर ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।