



भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि देश विरोधी ताकतों को समाप्त करने के लिए भारतीय जनता पार्टी को और मजबूत करना होगा। भाजपा पंचायत राज प्रकोष्ठ की सदस्यता अभियान को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक में राठौड़ ने कहा कि इस अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने का लक्ष्य है, जिससे पार्टी को जमीनी स्तर पर और भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि पंचायत राज प्रकोष्ठ की भूमिका इस अभियान में बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह समाज के अंतिम छोर तक पार्टी की पहुंच का माध्यम है।
बैठक में पंचायत राज केबिनेट मंत्री मदन दिलावर ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकार की लोक कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाएं और लाभार्थियों को पार्टी से जोड़कर राष्ट्र को सशक्त बनाने में अपनी भूमिका निभाएं। उन्होंने कार्यकर्ताओं को सदस्यता अभियान में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
बैठक के दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष एवं सदस्य अभियान सहसंयोजक मोती लाल मीणा ने पदाधिकारियों से प्रदेश भर में प्रवास करने और सदस्यता अभियान के लिए निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने की अपील की।
प्रदेश संयोजक रघुवीर सिंह चौधरी ने बैठक में संगठनात्मक कार्य विभाजन करते हुए सभी जिला प्रभारियों और जिला संयोजकों को निर्देश दिया कि वे सदस्यता अभियान के लिए निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करें।
बैठक में प्रदेश भाजपा के पदाधिकारियों के साथ भूपेंद्र सैनी, प्रकोष्ठ सहसंयोजक गोविंद प्रभारी, राजेंद्र मीणा, पायल परसरामपुरिया, उदय सिंह, भावना सैनी, मनीष व्यास, और माधव चौधरी सहित प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य और जिला संयोजक उपस्थित रहे।