



लघु उद्योग भारती के जयपुर महिला इकाई की ओर से आयोजित स्वयंसिद्धा हस्तशिल्प प्रदर्शनी 4 अक्टूबर से 6 अक्टूबर तक जवाहर कला केंद्र में आयोजित होगी। इस प्रदर्शनी का उद्घाटन राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी द्वारा किया जाएगा। प्रदर्शनी में राजस्थान सहित 6 राज्यों के महिला उद्यमियों द्वारा हस्तनिर्मित उत्पादों को प्रदर्शित किया जाएगा।
प्रेस कांफ्रेंस में महिला इकाई अध्यक्ष प्रतिमा नेथानी ने बताया कि यह प्रदर्शनी प्रातः 10 बजे से सांयः 8 बजे तक आमजन के लिए खुली रहेगी। प्रदर्शनी में राजस्थान, मध्यप्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र और अन्य राज्यों से आई महिला उद्यमियों के उत्पाद जैसे ब्लू पॉटरी, फर्नीचर, हैंडीक्राफ्ट आइटम, ईको-फ्रेंडली सेनेटरी पैड, ऑलिव-टी, डिजाइनर सूट, साड़ी, अचार-पापड़, मसाले, गृह-सज्जा, और आर्टिफिशियल ज्वेलरी समेत त्योहारी सीजन के कई उत्पाद प्रदर्शित और बिक्री के लिए उपलब्ध होंगे।

लघु उद्योग भारती की पूर्व अध्यक्ष और नेशनल एमएसएमई बोर्ड की सदस्य अंजू सिंह ने बताया कि यह प्रदर्शनी B2B, B2C और B2G मॉडल पर आधारित होगी, जिससे व्यापारियों के लिए नए व्यापारिक अवसर खुलेंगे। प्रदर्शनी के दौरान महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए विशेष संगोष्ठी का भी आयोजन किया जाएगा।
महामंत्री सुनीता शर्मा ने कहा कि यह पहल महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम है, जिसमें महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों को प्रदर्शित करने और बढ़ावा देने का मौका मिलेगा। प्रेस वार्ता के दौरान स्वयंसिद्धा हस्तशिल्प प्रदर्शनी-2024 के ब्रोशर का लोकार्पण भी किया गया, जिसमें संगठन पदाधिकारी अरुण जजोदिया, सुधीर गर्ग, और योगेश गौतम भी उपस्थित रहे।