Saturday, 29 August 2026

स्वच्छता ही सेवा है 2024: वार्ड 62 में झाड़ू निकालकर निकाली जागरूकता रैली, आमजन को किया सफाई के प्रति जागरूक


स्वच्छता ही सेवा है 2024: वार्ड 62 में झाड़ू निकालकर निकाली जागरूकता रैली, आमजन को किया सफाई के प्रति जागरूक

15 दिवसीय स्वच्छता ही सेवा है 2024 पखवाड़े के तहत अजमेर के वार्ड 62 में निर्दलीय पार्षद नरेन्द्र तुनवाल के नेतृत्व में सोमवार को एक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस रैली का उद्देश्य आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना था। रैली का मार्ग नगर निगम अजमेर सर्किल 10 में सैन्ट्रल जेल से लेकर सोफिया कॉलेज मीरशाह अली तक था। इसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।

इस स्वच्छता रैली में सोफिया कॉलेज की प्राचार्य सिस्टर पर्ल, राष्ट्रीय सेवा इकाई की शिक्षिका अन्नु भारद्वाज, देविका चौधरी और सोफिया कॉलेज की कई छात्राओं ने सक्रिय रूप से भाग लिया। रैली के दौरान महिलाओं के साथ महिला जन अधिकार समिति अजमेर के सदस्य, पार्षद गजेन्द्र सिंह रलावता, स्वास्थय अधिकारी दिलीप कुमार भम्भानी और सर्किल 10 के स्वास्थ्य निरीक्षक दीपक कुमार चांगरा भी शामिल रहे।


पार्षद नरेन्द्र तुनवाल ने सफाई के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए खुद सड़कों पर झाड़ू निकाली और स्थानीय लोगों को स्वच्छता के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 2014 में शुरू किए गए स्वच्छता अभियान के अब 10 साल पूरे हो गए हैं, और अब समय है कि हम राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के स्वच्छता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएं।

रैली के दौरान नागरिकों को स्वच्छता अभियान में भाग लेने की शपथ दिलाई गई। इस मौके पर सोफिया कॉलेज की छात्राओं और स्थानीय गणमान्य नागरिकों को भी शामिल किया गया। पार्षद गजेन्द्र सिंह रलावता द्वारा सभी को सफाई की शपथ दिलाई गई और कार्यक्रम का संचालन पार्षद नरेन्द्र तुनवाल ने किया।

स्वच्छता अभियान में पार्षद तुनवाल ने नगर निगम अजमेर द्वारा चलाए जा रहे सफाई अभियानों में सहयोग देने की अपील की और शहर के नागरिकों से स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने और इसमें अपना योगदान देने का आग्रह किया।


    Previous
    Next

    Related Posts