



जयपुर। मानसरोवर थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई में दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके पास से सात मोटरसाइकिल और एक स्कूटी बरामद की है। दोनों आरोपियों ने जयपुर शहर में दो दर्जन से अधिक वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात कबूल की है। पुलिस ने फिलहाल पूछताछ शुरू कर दी है, जिससे अन्य वारदातों का खुलासा होने की उम्मीद है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर दक्षिण, दिगंत आनंद ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनोद लांबा (42) और जगमोहन मीणा (36) के रूप में हुई है। विनोद लांबा झुंझुनू का निवासी है और फिलहाल करधनी में रह रहा था, जबकि जगमोहन मीणा दौसा का रहने वाला है और मानसरोवर में रह रहा था। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर इन्हें गिरफ्तार किया और इनके पास से मास्टर चाबी समेत आठ चोरी के दुपहिया वाहन बरामद किए।
जांच के दौरान खुलासा हुआ कि जगमोहन मीणा दौसा का हिस्ट्रीशीटर है, जबकि विनोद लांबा 7-8 महीने पहले ही जेल से रिहा हुआ था। दोनों मिलकर शहर में वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। मास्टर चाबी की मदद से वाहन चुराने की उनकी तकनीक से पुलिस को और भी वारदातों का खुलासा होने की संभावना है।
आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया गया है, ताकि और पूछताछ की जा सके। पुलिस उम्मीद कर रही है कि इनसे मिली जानकारी से चोरी के अन्य मामलों को भी सुलझाया जा सकेगा और इस गिरोह के अन्य सदस्यों का पता लगाया जा सकेगा।