



भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने रविवार को मानसरोवर के सिटी पार्क में ‘‘तुलसी वितरण‘‘ एवं ‘‘सामूहिक महा सदस्यता‘‘ कार्यक्रम का नेतृत्व किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में देशवासियों को भारतीय जनता पार्टी से जुड़ने की आवश्यकता है, क्योंकि कुछ शक्तियां देश में अराजकता का माहौल बना रही हैं और समाज को बांटने का काम कर रही हैं। राठौड़ ने भाजपा को लोकतांत्रिक मूल्यों पर आधारित एकमात्र पार्टी बताया और आमजन से भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को स्थिरता और एकता की ओर ले जाने का कार्य हो रहा है, जिसे मजबूत करना हम सभी की जिम्मेदारी है।
राठौड़ ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस कश्मीर में धारा 370 की बहाली की कोशिश कर रही है, जबकि भाजपा ने इसे हटाकर देश की एकता को मजबूत किया है। उन्होंने भाजपा के सदस्यता अभियान को जोरशोर से आगे बढ़ाने का निर्देश दिया।
कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष मोतीलाल मीणा, प्रेमसिंह बनवासा, कौशल शर्मा, गजेंद्र सिंह, और अन्य पार्टी पदाधिकारी उपस्थित थे।