



गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के इंटरव्यू केस में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पंजाब पुलिस की जांच में पता चला है कि लॉरेंस बिश्नोई ने यह विवादास्पद इंटरव्यू जयपुर सेंट्रल जेल से दिया था। इस मामले में पंजाब हाईकोर्ट के निर्देशों के बाद अब जयपुर में लॉरेंस बिश्नोई के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच का जिम्मा लालकोठी थानाधिकारी श्रीनिवास जांगिड़ को सौंपा गया है।
मार्च 2023 में लॉरेंस बिश्नोई का एक इंटरव्यू वायरल हुआ था, जिसने काफी विवाद खड़ा कर दिया था। उस वक्त यही माना जा रहा था कि यह इंटरव्यू पंजाब की किसी जेल से लिया गया है, लेकिन पंजाब पुलिस की जांच ने यह पुष्टि की कि यह इंटरव्यू जयपुर सेंट्रल जेल से दिया गया था। इस खुलासे के बाद एसआईटी ने पंजाब हाईकोर्ट को अपनी जांच रिपोर्ट सौंपी, जिसके आधार पर जयपुर पुलिस को केस दर्ज करने के निर्देश दिए गए।
इससे पहले, पंजाब पुलिस ने दिसंबर 2023 और जनवरी 2024 में एफआईआर दर्ज की थी, लेकिन पहली एफआईआर की जांच में कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई। दूसरी एफआईआर की जांच के बाद एसआईटी ने खुलासा किया कि लॉरेंस का इंटरव्यू जयपुर की सेंट्रल जेल में शूट किया गया था। लॉरेंस को पिछले साल जयपुर जी क्लब फायरिंग केस में पूछताछ के लिए जयपुर लाया गया था, जहां वह 21 दिनों तक, 15 फरवरी से 6 मार्च तक, जयपुर पुलिस की कस्टडी में रहा। इसी दौरान उसके दो इंटरव्यू सामने आए थे।
पंजाब पुलिस ने अपनी जांच के बाद राजस्थान पुलिस को पत्र भेजा, जिसमें इस इंटरव्यू का स्थान जयपुर सेंट्रल जेल चिन्हित किया गया। जांच के मुताबिक, लॉरेंस ने जूम ऐप के जरिए एक चैनल को यह इंटरव्यू दिया था। अब इस मामले में जयपुर के लालकोठी थाने में लॉरेंस बिश्नोई और अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।