



टोंक: जिला कलक्टर डॉ. सौम्या झा ने जिले में मौसमी बीमारियों की रोकथाम और उपचार के लिए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को ठोस प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अस्पतालों में मौसमी बीमारियों के रोगियों को समुचित और सुगम उपचार उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
मॉनिटरिंग और समन्वय पर जोर
जिला कलक्टर ने जिला स्तरीय अधिकारियों को चिकित्सा संस्थानों का निरीक्षण करने और मौसमी बीमारियों के प्रबंधन की जांच करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने नगरीय और पंचायत प्रशासन सहित सभी संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार और जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए हैं।
रैपिड रिस्पांस टीम को दिए निर्देश
उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में रैपिड रिस्पांस टीम को सक्रिय कर मलेरिया, चिकनगुनिया, डेंगू और स्क्रब टायफस जैसी बीमारियों के मरीजों की जांच और उपचार सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही, गंभीर रोगियों को आवश्यकता होने पर चिकित्सा संस्थानों में रेफर करने और एंटी-लार्वा, मच्छर रोधी, फॉगिंग जैसी गतिविधियों को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मालपुरा के ग्राम नगर में जांच अभियान
ग्राम नगर में विगत दो महीनों में 16 लोगों की मृत्यु के मामले में चिकित्सा विभाग ने कार्रवाई की है। डिप्टी सीएमएचओ महबूब मंसूरी के अनुसार, इनमें से कुछ की मृत्यु आकस्मिक दुर्घटना और वृद्धावस्था के कारण हुई है। चार व्यक्तियों के मौत का कोई रिकॉर्ड नहीं है, जिसके चलते सैंपल कलेक्ट किए गए हैं।
सैंपल जांच के लिए भेजे गए
चिकित्सा विभाग की टीम ने 13 कफ, 6 यूरिन और 17 खून के सैंपल राज्य स्तर पर भेजे हैं, वहीं 22 यूरिन और ब्लड सैंपल जिला स्तर पर जांच के लिए भेजे गए हैं।