Saturday, 29 August 2026

डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा के बेटे की रील विवाद पर हाई कमान नाराज, दिल्ली तलब


डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा के बेटे की रील विवाद पर हाई कमान नाराज, दिल्ली तलब

जयपुर: डिप्टी सीएम डॉ. प्रेमचंद बैरवा के बेटे और उसके दोस्तों द्वारा खुली जीप में पुलिस एस्कॉर्ट के साथ बनाई गई रील का विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। इस विवाद पर डिप्टी सीएम द्वारा दिए गए 'बचाव' वाले बयान से पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने नाराजगी जताई है और उन्हें दिल्ली तलब किया है।

भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ से मामले की पूरी रिपोर्ट मांगी गई है। इधर, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष के जयपुर प्रवास के दौरान यह रील वायरल होने से संगठन भी असंतुष्ट है। बैरवा के बयान के बाद सोशल मीडिया पर भी उन्हें ट्रोल किया जा रहा है, जिसमें भाजपा के एक धड़े ने यह दावा किया कि डिप्टी सीएम के बयान से पार्टी और सरकार की छवि को नुकसान हुआ है।

राठौड़ ने दी जानकारी
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा से मामले की जानकारी ली गई है। बैरवा ने स्पष्ट किया कि यह उनकी गाड़ी नहीं थी, और बच्चे एक साथ पढ़ते हैं, इसलिए एक साथ चले गए। बच्चों से गलती हो गई, और पार्टी ने इस मामले को यहीं समाप्त कर दिया है।

ट्रैफिक पुलिस की प्रतिक्रिया
डीसीपी (ट्रैफिक) सागर राणा ने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रही इस रील में एस्कॉर्ट कर रही गाड़ी पुलिस विभाग की नहीं है। यातायात नियमों के उल्लंघन के संबंध में जांच की जा रही है।

Previous
Next

Related Posts