



जयपुर: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अध्यक्षता में रविवार, 29 सितंबर को दोपहर तीन बजे कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक होगी। इस बैठक में सरकारी कर्मचारियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। साथ ही, इन्वेस्टमेंट समिट और सौर ऊर्जा उत्पादन के लिए जमीन आवंटन पर भी विचार किया जाएगा।
तबादलों से प्रतिबंध हटने पर बड़ा फैसला संभव
सरकारी कर्मचारियों, विशेषकर शिक्षकों के लिए इस बैठक से उम्मीदें बढ़ गई हैं। बैठक में तबादलों पर लगे प्रतिबंध को हटाने पर चर्चा हो सकती है। फरवरी 2024 में 10 दिन के लिए तबादलों से प्रतिबंध हटा था, लेकिन उस समय शिक्षा विभाग में तबादले नहीं किए गए थे। अब सरकारी शिक्षकों को तबादलों पर से रोक हटने की उम्मीद है, और माना जा रहा है कि इस पर बड़ा फैसला लिया जा सकता है।
सौर ऊर्जा उत्पादन और निवेश को बढ़ावा देने पर चर्चा
कैबिनेट बैठक में सौर ऊर्जा उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए जमीनों के आवंटन पर भी चर्चा होगी। सोलर प्रोजेक्ट लगाने की इच्छुक कुछ कंपनियों को जमीन आवंटन के संबंध में भी निर्णय लिया जा सकता है, जिससे प्रदेश में सौर ऊर्जा क्षेत्र में निवेश को प्रोत्साहन मिलेगा।
पहले दो बार स्थगित हो चुकी बैठक
यह बैठक पहले 18 सितंबर को होने वाली थी, लेकिन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के जयपुर दौरे के कारण स्थगित कर दी गई थी। इसके बाद 25 सितंबर को बैठक तय हुई थी, लेकिन मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के चुनावी अभियान के चलते यह फिर से स्थगित हो गई थी। अब यह बैठक आज होने जा रही है, जिससे कई महत्वपूर्ण फैसलों की उम्मीद जताई जा रही है।