Saturday, 29 August 2026

गुर्जर समाज का गुस्सा फूटा, एसएचओ की मौजूदगी पर धरना और प्रदर्शन


गुर्जर समाज का गुस्सा फूटा, एसएचओ की मौजूदगी पर धरना और प्रदर्शन

टोंक जिले के बरोनी पुलिस थाना इलाके के गांव सोहेला में छोटू लाल गुर्जर की मौत के मामले में नाराज गुर्जर समाज ने शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर जोरदार धरना और प्रदर्शन किया। लाइन हाजिर किए गए बरोनी थानाधिकारी ओमप्रकाश का थाने में लगातार आना-जाना समाज के लोगों के गुस्से का कारण बना।

गुर्जर समाज के लोगों का आरोप है कि ओमप्रकाश थाने में काम करते नजर आ रहे हैं, जिससे जांच प्रभावित हो रही है। समाज ने आरोपियों की गिरफ्तारी न होने और ओमप्रकाश को निलंबित न करने पर नाराजगी जताई। इस मामले में समाज ने छह सूत्रीय मांगों का ज्ञापन जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान को सौंपा।

मांगों पर जल्द कार्रवाई की मांग
गुर्जर समाज का कहना है कि छोटू लाल गुर्जर की हत्या के नामजद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए और ओमप्रकाश को तत्काल निलंबित किया जाए।

पुलिस अधीक्षक का बयान
जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने बताया कि मामले की जांच निवाई पुलिस उपाधीक्षक मृत्युंजय मिश्रा कर रहे हैं और एसएचओ ओमप्रकाश को पहले ही लाइन हाजिर कर दिया गया है। सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही अफवाहों को खारिज करते हुए सांगवान ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और किसी भी तरह के माहौल बिगाड़ने की कोशिश पर सख्त कार्रवाई होगी।

Previous
Next

Related Posts