Saturday, 29 August 2026

कोटा में 131वें राष्ट्रीय दशहरा मेले का भव्य शुभारंभ 3 अक्टूबर से, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला करेंगे उद्घाटन


कोटा में 131वें राष्ट्रीय दशहरा मेले का भव्य शुभारंभ 3 अक्टूबर से, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला करेंगे उद्घाटन

कोटा के दशहरा मैदान में 131वें राष्ट्रीय दशहरा मेले का शुभारंभ 3 अक्टूबर से होने जा रहा है। इस भव्य मेले की तैयारियों को लेकर संभागीय आयुक्त राजेन्द्र विजय ने सीएडी परिसर में एक बैठक आयोजित की। इस दौरान उन्होंने दशहरा मैदान का दौरा कर मेले की तैयारियों का निरीक्षण भी किया।

संभागीय आयुक्त राजेन्द्र विजय ने कहा कि कोटा के राष्ट्रीय दशहरा मेले की एक अलग पहचान है, और इसकी ख्याति देश-विदेश तक फैली हुई है। मेले को भव्य और आकर्षक बनाने के लिए देश-विदेश से आने वाले सैलानियों को आकर्षित करने की दिशा में विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने पर्यटन एवं होटल व्यवसाय से जुड़े लोगों को साथ लेकर कोटा संभाग की पर्यटन संभावनाओं को इस मेले के दौरान शोकेस करने का निर्देश दिया।

पर्यटन और कोचिंग छात्रों के जुड़ाव पर विशेष ध्यान

संभागीय आयुक्त राजेन्द्र विजय ने सुझाव दिया कि कोटा में पढ़ने वाले कोचिंग छात्रों को मेले में विजिट कराई जाए, ताकि वे अपने शहरों और राज्यों में दशहरा मेले और कोटा की विशेषताओं का प्रचार-प्रसार करें और कोटा के पर्यटन के ब्रांड एम्बेसेडर बनें। इसके साथ ही, मेले में पर्यटन विभाग की स्टॉल पर कोटा संभाग के प्रमुख पर्यटन स्थलों, अभ्यारण्यों और अन्य विशेषताओं को डिस्प्ले किया जाएगा।

सुरक्षा और सुविधाओं पर विशेष ध्यान

संभागीय आयुक्त राजेन्द्र विजय ने मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाए रखने के निर्देश दिए। सीसीटीवी कैमरे और पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने की बात कही गई। साथ ही, फूड स्टॉल्स पर गुणवत्तापूर्ण खाना और सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने पार्किंग व्यवस्था, सांस्कृतिक कार्यक्रमों की बैठक व्यवस्था, और अग्निशमन वाहनों की तैयारी का भी जायजा लिया।

मुख्य अतिथि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला करेंगे मेले का उद्घाटन

मेला आयोजन समिति के अध्यक्ष विवेक राजवंशी ने बताया कि 3 अक्टूबर को राष्ट्रीय दशहरा मेले का शुभारंभ मुख्य अतिथि लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला द्वारा किया जाएगा। पहले दिन सुबह 9 बजे दुर्गा पूजन का आयोजन होगा, शाम को श्रीराम रंगमंच पर रामलीला का मंचन शुरू होगा और उसके बाद विजय श्री रंगमंच पर नृत्य नाटिका ‘दुर्गा’ का आयोजन होगा।

संभागीय आयुक्त ने किया मेला स्थल का निरीक्षण

संभागीय आयुक्त राजेन्द्र विजय ने शुक्रवार को दशहरा मैदान का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था और अन्य तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि मेले में आने वाले गणमान्य अतिथियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। दौरे के दौरान नगर निगम उत्तर आयुक्त अशोक त्यागी, नगर निगम दक्षिण आयुक्त अनुराग भार्गव, एडीएम सिटी अनिल सिंघल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिलीप सैनी, और मेला अधिकारी जवाहर लाल जैन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

    Previous
    Next

    Related Posts