



मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को असंध विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी योगेन्द्र राणा के समर्थन में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। अपने भाषण में मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को मजबूत करने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि आज देश की सीमाओं पर गोली का जवाब गोले से दिया जा रहा है, और देश की सुरक्षा और सशक्तिकरण में केंद्र सरकार के फैसलों ने अहम भूमिका निभाई है।
मुख्यमंत्री शर्मा ने कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी पर तीखा हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस का गरीब, मजदूर और किसानों से कोई सरोकार नहीं है, जबकि प्रधानमंत्री मोदी ने इन्हीं चार प्रमुख वर्गों को अपने विकास एजेंडे में रखा है। श्री शर्मा ने कांग्रेस के नेतृत्व की आलोचना करते हुए कहा कि राहुल गांधी विदेश में देश का अपमान करने से कभी पीछे नहीं हटते, और सिक्ख समुदाय के प्रति उनकी अनुचित टिप्पणियों से देश की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचती है।
भाजपा सरकार ने हर वर्ग का किया कल्याण
मुख्यमंत्री शर्मा ने हरियाणा में भाजपा सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों की भी चर्चा की। उन्होंने बताया कि पिछले 10 वर्षों में बीजेपी की सरकार ने हरियाणा के औद्योगिक क्षेत्रों के विकास, हाईवे निर्माण और किसानों के उत्थान के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। उन्होंने जनता से अपील की कि वे बीजेपी सरकार को भारी समर्थन के साथ फिर से सत्ता में लाएं ताकि विकास की गति को जारी रखा जा सके।

कांग्रेस के राज में भ्रष्टाचार, भाजपा के राज में सुरक्षा
मुख्यमंत्री शर्मा ने कांग्रेस के शासन के दौरान हुए भ्रष्टाचार और घोटालों को याद करते हुए कहा कि कांग्रेस के राज में देश में बम विस्फोट और आतंकवादी घटनाएं आम हो गई थीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश की सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई है और अब सीमा पर किसी भी हमले का मुंहतोड़ जवाब दिया जाता है। आतंकवाद और नक्सलवाद पर प्रभावी नियंत्रण की भी उन्होंने प्रशंसा की।
कांग्रेस का घोषणा पत्र झूठ का पुलिंदा
मुख्यमंत्री शर्मा ने कांग्रेस के घोषणा पत्र को झूठ का पुलिंदा बताते हुए कहा कि कांग्रेस ने जनता से जो वादे किए, उन्हें कभी पूरा नहीं किया। इसके विपरीत, बीजेपी सरकार ने जो वादे किए, वे सभी पूरे किए गए हैं। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना से देश के ग्रामीण इलाकों में सड़कों का व्यापक विकास हुआ है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को सीधा लाभ हो रहा है।
असंध से योगेन्द्र राणा को जिताने की अपील
अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री ने असंध विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी योगेन्द्र राणा को अधिकाधिक मतों से विजयी बनाने की अपील की। इस मौके पर हरियाणा बीजेपी के वरिष्ठ कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय जनता मौजूद रही।