Saturday, 29 August 2026

मानसरोवर में शिव मंदिर के सामने शराब की दुकान का विरोध: स्थानीय लोगों का प्रदर्शन


मानसरोवर में शिव मंदिर के सामने शराब की दुकान का विरोध: स्थानीय लोगों का प्रदर्शन

जयपुर के मानसरोवर क्षेत्र में कावेरी पथ स्थित शिव मंदिर के सामने शराब की दुकान के विरोध में स्थानीय निवासियों और युवाओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान युवाओं ने शराब कारोबारी के खिलाफ नारेबाजी की और आरोप लगाया कि शराब की दुकान मंदिर और पार्क के सामने होने के कारण असामाजिक गतिविधियों का अड्डा बनती जा रही है।

स्थानीय लोगों का आरोप: प्रदर्शनकारियों का कहना है कि शराब की दुकान से महिलाओं और युवतियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि शराबी लोग मंदिर के सामने ही शराब पीते हैं और गलत टिप्पणियां करते हैं। युवाओं ने आरोप लगाया कि दुकान रात 8 बजे के बाद भी अवैध रूप से शराब बेच रही है, जो कानून का उल्लंघन है। बोर्ड पर अनुज्ञाधिकारी का नाम भी नहीं लिखा गया है, जिससे आबकारी नियमों का उल्लंघन हो रहा है।

स्थानीय निवासियों की चिंता: लक्की चौधरी ने बताया कि रात 8 बजे के बाद शराब पीने वाले लोग यहां इकठ्ठा होते हैं और माहौल खराब करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि शराब संचालक स्थानीय विधायक के नाम की धौंस देकर अपना काम चला रहे हैं। संजय फौजी ने कहा कि यहां उनकी एकेडमी है, जहां नेशनल प्लेयर्स ट्रेनिंग करते हैं, जिन्हें शराबियों की वजह से असुविधा होती है। मंदिर के सामने असामाजिक गतिविधियों के चलते पूजा करने आने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

स्थानीय युवाओं ने इस मामले को लेकर पहले भी धरना प्रदर्शन किया था, लेकिन रसूख के चलते धरना देने वाले युवाओं को पुलिस ने हटा दिया। प्रदर्शनकारियों ने मांग की है कि इस शराब की दुकान को तत्काल बंद किया जाए और उचित कार्रवाई की जाए ताकि स्थानीय लोगों को राहत मिल सके।

Previous
Next

Related Posts