Saturday, 29 August 2026

मुख्यमंत्री शर्मा का कांग्रेस पर निशाना: "कांग्रेस ने किसानों को ठगा, भाजपा करेगी हरियाणा में हैट्रिक"


मुख्यमंत्री शर्मा का कांग्रेस पर निशाना: "कांग्रेस ने किसानों को ठगा, भाजपा करेगी हरियाणा में हैट्रिक"

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस ने अपने शासन के दौरान देश और हरियाणा में जनता को बरगलाया और भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सशक्त नेतृत्व के कारण भ्रष्टाचार पर लगाम लगी है और किसानों एवं जवानों का सम्मान बढ़ा है। मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के शासन में किसानों की जमीनें सस्ते दामों पर खरीदी गईं और उन्हें 2 रुपये तक के चेक दिए गए।

उन्होंने कहा कि 2014 में भाजपा के सत्ता में आने के बाद किसानों के लिए नई योजनाएं शुरू की गईं, जिनमें किसान सम्मान निधि और क्रेडिट कार्ड योजना प्रमुख हैं। इन योजनाओं से किसानों की आय में वृद्धि हुई है और हरियाणा में 24 फसलों पर एमएसपी बढ़ा दिया गया है।

मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि बीजेपी जाति और परिवारवाद की राजनीति नहीं करती, बल्कि यह एक जनमानस की पार्टी है। उन्होंने कांग्रेस पर एससी-एसटी वर्ग के नेताओं के साथ अपमानजनक व्यवहार करने का आरोप लगाया और कहा कि कांग्रेस ने हमेशा तुष्टीकरण की राजनीति की है।

मुख्यमंत्री शर्मा ने राई विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी श्रीमती कृष्णा गहलावत के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया और अधिक से अधिक मतों से उनकी जीत सुनिश्चित करने की अपील की।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इंद्री विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी रामकुमार कश्यप के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 40 साल से अपने घोषणा पत्रों में झूठे वादे किए, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने वादों को समय पर पूरा कर दिखाया।

मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि इस बार हरियाणा में भाजपा तीसरी बार जीत का परचम लहराते हुए हैट्रिक बनाएगी। सभा के बाद मुख्यमंत्री ने स्थानीय जनता के साथ थड़ी पर बैठकर चाय पी और युवाओं में इस दौरान खासा उत्साह देखा गया।

Previous
Next

Related Posts