Saturday, 29 August 2026

खाचरियावास का लोकेश शर्मा और भाजपापर पलटवार: "डरपोक लोग जो मलाई खा रहे थे, अब झूठ बोल रहे हैं"


खाचरियावास का लोकेश शर्मा और भाजपापर पलटवार: "डरपोक लोग जो मलाई खा रहे थे, अब झूठ बोल रहे हैं"

पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता प्रताप सिंह खाचरियावास ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के ओएसडी रहे लोकेश शर्मा और भाजपा पर तीखा हमला किया है। खाचरियावास ने कहा कि लोकेश शर्मा बेबुनियाद बातें कर रहे हैं और डरपोक लोग, जो कल तक गहलोत की ओएसडी बनकर सत्ता का आनंद ले रहे थे, अब झूठ बोलकर खुद को बचाने की कोशिश कर रहे हैं।

खाचरियावास ने कहा, "ऐसे लोग जो चार बार अपना बयान बदल चुके हैं, उन पर कौन भरोसा करेगा? गहलोत को ऐसे लोगों से कोई सर्टिफिकेट नहीं चाहिए।"

लोकेश शर्मा ने बुधवार को दिल्ली पुलिस को दिए अपने बयान में आरोप लगाया था कि अशोक गहलोत विधायकों के फोन टैप कर उनकी बातें सुनते थे और राजनीतिक संकट के दौरान फोन टैपिंग में उनकी भूमिका की जांच होनी चाहिए।

इस पर प्रतिक्रिया देते हुए खाचरियावास ने कहा, "अशोक गहलोत की वजह से ही लोग लोकेश शर्मा को जानने लगे थे। वह क्या अक्षय कुमार या सलमान खान है? उसे कौन जानता था?" उन्होंने लोकेश पर झूठे बयान देकर खुद को फंसाने का आरोप लगाया और कहा कि अगर वह बार-बार बयान बदलते रहेंगे तो पुलिस उन्हें गिरफ्तार कर लेगी।

खाचरियावास ने भाजपा पर भी निशाना साधते हुए कहा कि राज्य सरकार ने कोई काम नहीं किया है, और उन्हें पता है कि उपचुनाव में वे एक भी सीट नहीं जीतेंगे। उन्होंने राइजिंग राजस्थान परियोजना को भी विफल करार दिया और कहा कि इन्वेस्टमेंट के नाम पर जमीनों की बंदरबांट की जा रही है।

फिल्म सिटी के मुद्दे पर खाचरियावास ने कहा, "जिस व्यक्ति को जमीन दी जा रही है, उसने पहले भी भैरोसिंहजी से जमीन ली थी और बेचकर भाग गया था। अगर मुफ्त में जमीन दी जाएगी, तो कोई भी ले लेगा। बेहतर होगा कि राजस्थान के बिजनेसमैन को वही सुविधाएं दी जाएं जो बाहरी इन्वेस्टर्स को दी जा रही हैं, वे ज्यादा अच्छा काम करेंगे।"

Previous
Next

Related Posts