


भरतपुर: भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता नरेंद्र कटारा ने नदबई विधानसभा में विभिन्न बूथों पर सदस्यता अभियान का नेतृत्व करते हुए बैठक की। इस अभियान के तहत उन्होंने भाजपा के सिद्धांत, उद्देश्य और पंचनिष्ठाओं को घर-घर पहुंचाने पर जोर दिया।
कटारा ने उपतहसील लखनपुर में आयोजित युवा मोर्चा के सदस्यता अभियान में भाग लिया और भाजपा की रीति-नीति को आम जनता के सामने रखा। मंडल पदाधिकारियों की बैठक में कटारा ने कहा कि पार्टी के हर कार्यकर्ता का दायित्व है कि वे भाजपा के विचारों और लक्ष्यों को घर-घर तक पहुंचाएं। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अपने-अपने बूथ पर 300 से अधिक सदस्य बनाएं और राष्ट्र निर्माण की प्रतिज्ञा को साकार करें।
कटारा ने घर-घर जाकर भाजपा की सदस्यता दिलाते हुए कहा, "प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की शपथ और आपके वोट की ताकत ने करोड़ों गरीब परिवारों को पक्की छत दिलाई है।" उन्होंने मोदी सरकार की गरीब, युवा, महिला, किसान, और मजदूर के कल्याण के लिए किए गए कार्यों की भी सराहना की।
उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार के तहत प्रदेश और केंद्र सरकार मिलकर विकसित भारत 2047 और विकसित राजस्थान के संकल्प को पूरा करने की दिशा में निरंतर काम कर रही हैं।
सदस्यता अभियान के संयोजक जगत सिंह गुर्जर ने बताया कि कार्यकर्ता समाज के हर वर्ग तक पहुंचेंगे और मोदी सरकार तथा भजनलाल सरकार के कल्याणकारी कार्यों को जन-जन तक पहुंचाएंगे। आईटी विभाग के प्रभारी रोहित उपाध्याय ने बताया कि अभियान में मिस कॉल वाले सभी सदस्यों से फार्म अपडेट करवाए जा रहे हैं ताकि सदस्यता प्रक्रिया में कोई कमी न रहे।
कार्यक्रम संयोजक बलराम चौधरी ने कहा कि कार्यकर्ता हर घर जाकर यह सुनिश्चित करेंगे कि हर घर में कम से कम एक भाजपा सदस्य जरूर हो। इस अभियान में युवा मोर्चा सह संयोजक आकाश हथैनी, मंडल अध्यक्ष अनिल देहरा, बूथ अध्यक्ष, और अन्य भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।