Saturday, 29 August 2026

राहुल गांधी को राष्ट्रभक्ति सीखने की जरूरत - भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन सिंह राठौर


राहुल गांधी को राष्ट्रभक्ति सीखने की जरूरत - भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन सिंह राठौर

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन सिंह राठौर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उन्हें राष्ट्रभक्ति सीखने की जरूरत है। सोमवार को टोंक में भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह मेहता की अगुवाई में हुए स्वागत समारोह के दौरान मीडिया से बात करते हुए राठौर ने कहा, "राहुल गांधी विदेशों में जाकर भारत की प्रतिष्ठा को खराब करते हैं। उनके द्वारा हमारे नेतृत्व के लिए इस्तेमाल की गई भाषा अनुचित है।"

राठौर ने राहुल गांधी पर हिंदू धर्म को हिंसा से जोड़ने का आरोप लगाते हुए कहा, "हिंदू, जो गाय को रोटी खिलाता है और चींटियों को चुग्गा डालता है, वह हिंसक हो ही नहीं सकता।"

पायलट के बयान पर भी पलटवार

कांग्रेस महासचिव सचिन पायलट के राजस्थान में सत्ता और संगठन के तालमेल पर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए राठौर ने कहा, "सचिन जी को शायद यह नहीं पता कि मैं राज्यसभा का सदस्य हूं और भाजपा का प्रदेशाध्यक्ष भी हूं। इससे बड़ा सत्ता और संगठन का तालमेल और क्या हो सकता है?"

जुबान काटने की टिप्पणी पर स्पष्टीकरण

राहुल गांधी के खिलाफ भाजपा नेता की जुबान काटने वाली टिप्पणी पर राठौर ने सफाई देते हुए कहा कि यह एक शैलीगत शब्दावली है जिसे ग्रामीण क्षेत्रों में बात करने के तरीके के रूप में इस्तेमाल किया जाता है। इसका अर्थ शाब्दिक रूप से जुबान काटने से नहीं है, बल्कि बात को काटने से है। उन्होंने कहा, "हम तो चाहते हैं कि राहुल जी स्वस्थ और तंदुरुस्त रहें।"

स्वागत समारोह और बैठक

कार्यक्रम के दौरान अजीत सिंह मेहता, जिला महामंत्री महेंद्र चौधरी, जिला उपाध्यक्ष खैमराज मीणा, सत्यनारायण माहेश्वरी और अन्य प्रमुख भाजपा नेताओं ने मदन सिंह राठौर का माला और दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया। इसके बाद राठौर ने देवली-उनियारा विधानसभा उपचुनाव के संबंध में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की, जिसमें चुनाव में जीत सुनिश्चित करने के लिए संगठन की भावनाओं को सर्वोपरि मानते हुए रणनीति बनाई गई।

बैठक में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष शंकर लाल ठाड़ा, पूर्व जिला महामंत्री नरेश बंसल, जिला मंत्री शीला मीणा, आईटी संयोजक प्रियवीर सिंह, और अन्य प्रमुख भाजपा नेता उपस्थित थे।

Previous
Next

Related Posts