Saturday, 29 August 2026

झालाना बाइपास एक्सीडेंट: अजय शर्मा की मौत के बाद परिजनों ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप,एक्सीडेंट थाना (ईस्ट) का किया घेराव


झालाना बाइपास एक्सीडेंट: अजय शर्मा की मौत के बाद परिजनों ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप,एक्सीडेंट थाना (ईस्ट) का किया घेराव

झालाना बाइपास पर कार की टक्कर से बाइक सवार अजय कुमार शर्मा (29) की मौत के बाद रविवार को उनके परिजनों और स्थानीय लोगों ने एक्सीडेंट थाना (ईस्ट) का घेराव किया। हादसे में अजय का रिश्तेदार रोशन और ई-रिक्शा चालक बबलू खान घायल हो गए थे। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर गंभीर लापरवाही और कार चालक को बचाने का आरोप लगाते हुए न्याय की मांग की और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की।

हादसा बुधवार रात को हुआ था, जब गलत साइड से आ रही कार ने अजय और रोशन की बाइक को टक्कर मार दी। इसके बाद कार ने एक ई-रिक्शा को भी टक्कर मारी थी। परिजनों का आरोप है कि कार चालक महेंद्र कुमार रुंडला शराब के नशे में था और कार के अंदर शराब की बोतलें भी मिली थीं। परिजनों का कहना है कि पुलिस ने इस मामले में मामूली कार्रवाई करते हुए कार चालक का मेडिकल परीक्षण नहीं करवाया और सड़क पर मौजूद गड्ढों को हादसे की वजह बताकर चालक को बचाने की कोशिश की।

रविवार को करीब 300 से अधिक लोगों ने एक्सीडेंट थाना (ईस्ट) का घेराव कर पुलिस पर लापरवाही के आरोप लगाए और अजय शर्मा की मौत के मामले में सख्त जांच की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने नॉर्मल एक्ट में दर्ज FIR को मजबूत करने और आरोपी कार चालक की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की।

गौरतलब है कि इससे पहले डीसीपी (ट्रैफिक) सागर ने शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच कर रहे ASI हरि सिंह को लापरवाही बरतने पर निलंबित कर दिया था।

Previous
Next

Related Posts