



पोस्टर विमोचन के दौरान, मदन राठौड़ ने कहा कि मेक इन इंडिया के तहत भारत अब आत्मनिर्भर बन चुका है और कई क्षेत्रों में प्रमुख उत्पादन केंद्र के रूप में उभर रहा है। उन्होंने कहा, "भारत अब किसी देश पर निर्भर नहीं है, हम अपने ही कच्चे माल का इस्तेमाल कर उत्पाद बना रहे हैं। विशेष रूप से मोबाइल उद्योग में, भारत अब सबसे ज्यादा उत्पादन करने वाले देशों में शामिल हो चुका है।"
राठौड़ ने देश की सीमाओं की सुरक्षा और आर्थिक मजबूती पर भी जोर देते हुए कहा, "हम समृद्ध, सुदृढ़ और सक्षम हो चुके हैं। हर स्थिति से निपटने के लिए हमारी सेना और सरकार पूरी तरह तैयार है। हाल ही में पड़ोसी देशों में हुई अराजकता के बावजूद, हमारी सीमाएं पूरी तरह सुरक्षित हैं, और भारत की सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शिता और कड़ी निगरानी के कारण हम हर चुनौती से निपटने के लिए तैयार हैं।"
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य सुरेश और समारोह समिति के अध्यक्ष प्रो. मोहनलाल छीपा भी उपस्थित थे। उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों और उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन और सिद्धांत आज भी हमारे लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।