



केंद्रीय रेल राज्यमंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के खिलाफ राहुल गांधी के खिलाफ विवादित बयान देने पर FIR दर्ज की गई है। यह शिकायत कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी के एक पदाधिकारी ने दर्ज कराई थी। बिट्टू पर भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है, जिसमें धारा 353(2) (झूठी जानकारी या अफवाह फैलाना), धारा 192 (दंगा भड़काने की कोशिश), और धारा 196 (धर्म और जाति के आधार पर नफरत फैलाना) शामिल हैं।
FIR दर्ज होने के बाद भी केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने अपने बयान पर माफी मांगने से इनकार कर दिया है। उन्होंने कहा, "मैं अपने बयान पर माफी नहीं मागूंगा, बल्कि संसद में भी यह कहूंगा कि गांधी परिवार ने पंजाब जलाया। हमने पंजाब में अपनी कई पीढ़ियां खोई हैं।"
रवनीत सिंह बिट्टू ने 15 सितंबर को एक विवादित बयान देते हुए कहा था कि राहुल गांधी देश के नंबर-1 आतंकवादी हैं और उन्हें पकड़ने वाले को इनाम दिया जाना चाहिए। उन्होंने राहुल गांधी को देश का सबसे बड़ा दुश्मन करार दिया था, जिससे विवाद खड़ा हो गया।
बिट्टू के इस बयान को लेकर कांग्रेस पार्टी और उसके समर्थकों में भारी आक्रोश है, और इसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की जा रही है। मामला अब कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे बढ़ेगा, और इस पर संसद और राजनीतिक जगत में भी चर्चा होने की संभावना है।