



भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि भाजपा के सदस्यता अभियान में मंडल स्तर से लेकर भाजपा पदाधिकारी, विधायक, सांसद और मंत्रियों तक को बढ़ चढ़कर योगदान करना होगा। संगठन के शीर्ष नेतृत्व ने प्रदेश को जो लक्ष्य दिया है हमें उसे पूरा करना है। भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता को घर-घर जाकर आमजन को भाजपा की विचारधारा को बताते हुए सदस्यता ग्रहण करवानी है। सर्व स्पर्शी एवं सर्व व्यापी अभियान के ध्येय को चरिथार्थ करते हुए सबको सदस्य बनाना है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के नेतृत्व में बुधवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में सदस्यता अभियान को लेकर जयपुर शहर जिले की कार्यशाला आयोजित की गई। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि देश में विपक्ष विपरीत हालात पैदा करने का प्रयास कर रहा है। विपक्षी राजनैतिक पार्टियां मिलकर अस्थिरता के साथ देश की अर्थव्यवस्था को कमजोर करने का प्रयास कर रहे है। ऐसे में हमें विपक्षी दलों के मंसूबे पूरा होने से रोकना होगा। इसके लिए सदस्यता अभियान में देश के हर जिम्मेदार नागरिक को जोड़ते हुए उसे भाजपा की रीति और नीति समझानी होगी। भाजपा विचारधारा आधारित वो पार्टी है जहां कार्यकर्ताओं का सहयोग करने के साथ नए सदस्यों को जोड़ने का प्रयास किया जाता है।
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष और सदस्यता अभियान के प्रदेश सह-संयोजक मोतीलाल मीणा ने अभियान की विस्तृत जानकारी दी।
सदस्यता अभियान जयपुर शहर जिला कार्यशाला में जयपुर शहर सांसद मंजू शर्मा, कैबिनेट मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड, विधायक गोपाल शर्मा, बालमुकुंदाचार्य महाराज, कालीचरण सराफ, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नाहर सिंह जोधा, मोतीलाल मीणा, सरदार अजयपाल सिंह, भाजपा महामंत्री जितेंद्र गोठवाल, पूर्व सांसद रामचरण बोहरा, प्रदेश मंत्री विजेंद्र पूनिया, भाजपा प्रदेश कार्यालय प्रभारी मुकेश पारीक, भाजपा जयपुर शहर जिलाध्यक्ष राघव शर्मा, जयपुर शहर अभियान संयोजक शैलेंद्र भार्गव, मेयर सौम्या गुर्जर, उप महापौर पुनीत कर्णावट, मोर्चा अध्यक्ष हमीदखान मेवाती, रक्षा भंडारी, सहित भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मंच पर मौजूद रहे।