



कानपुर के बाद अब राजस्थान के अजमेर में भी ट्रेन को डिरेल करने की साजिश नाकाम कर दी गई है। अजमेर में रेलवे ट्रैक पर लगभग एक क्विंटल वजन का सीमेंट का भारी ब्लॉक मिला है, जिसे पटरी पर रखकर ट्रेन को बेपटरी करने का प्रयास किया गया था। हालांकि, मालगाड़ी का इंजन सीमेंट ब्लॉक को तोड़ते हुए आगे निकल गया, जिससे बड़ी दुर्घटना टल गई।
इस घटना के बाद ट्रेन के चालक ने तुरंत रेलवे अधिकारियों को सूचना दी, जिसके बाद रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (RPF) मौके पर पहुंची और ट्रैक का निरीक्षण किया। सीमेंट ब्लॉक सराधना और बांगड़ ग्राम स्टेशन के बीच दो स्थानों पर पटरी पर रखे गए थे। यह घटना फुलेरा से अहमदाबाद मार्ग पर लगभग एक किलोमीटर दूरी पर हुई।
आरपीएफ ने मामले में मांगलियावास थाने में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। घटना की जानकारी मिलने के बाद डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर कॉरपोरेशन (DFCC) और RPF ने मिलकर सराधना से बांगड़ ग्राम स्टेशन तक पेट्रोलिंग की। सीमेंट ब्लॉक के टुकड़े बरामद कर लिए गए हैं, जिससे मालगाड़ी के इंजन को भी नुकसान हुआ है।
इस घटना ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, और पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।