Saturday, 29 August 2026

कृष्ण जन्माष्टमी पर अजमेर नगर निगम ने सजाई झांकियां, कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष देवनानी और केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी रहे मौजूद ,विधायक अनिता भदेल को नहीं बुलाने पर समर्थित पार्षदों ने जताया विरोध


कृष्ण जन्माष्टमी पर अजमेर नगर निगम ने सजाई झांकियां, कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष देवनानी और केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी रहे मौजूद ,विधायक अनिता भदेल को नहीं बुलाने पर समर्थित पार्षदों ने जताया विरोध

अजमेर शहर में सोमवार शाम कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर गोकुल-वृंदावन की झलकियां बिखरी रहीं। नगर निगम सहित विभिन्न क्षेत्रों में कार्यक्रमों की धूम रही, और रातभर शहरवासी जन्माष्टमी के रंग में रंगे रहे। लोग देर रात तक झांकियों के दर्शन के लिए निकले, जहां कृष्ण लीला की विभिन्न झांकियां सजाई गई थीं।

बारिश को देखते हुए अजमेर नगर निगम ने विशेष इंतजाम किए ताकि झांकियां प्रभावित न हों और शहरवासी आसानी से इन आयोजनों में शामिल हो सकें। हालांकि, बारिश के कारण कार्यक्रमों की शुरुआत में थोड़ी देरी हुई और लोगों का उत्साह भी कुछ समय के लिए कम नजर आया।

अजमेर नगर निगम की ओर से आयोजित कार्यक्रम में 21 झांकियों के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण के विभिन्न स्वरूपों के दर्शन करवाए गए। इस दौरान प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। इस्कॉन की ओर से भागचंद कोठी पर आयोजित कार्यक्रम में भारी संख्या में लोग पहुंचे। शहर के विभिन्न मंदिरों में भी जन्माष्टमी महोत्सव की धूम रही।

इस आयोजन के दौरान विवाद भी सामने आया, जब कुछ पार्षदों ने अजमेर दक्षिण विधायक अनिता भदेल को कार्यक्रम में आमंत्रित न किए जाने पर नाराजगी व्यक्त की। पार्षदों ने कलेक्टर भारती दीक्षित से शिकायत की और आरोप लगाया कि नगर निगम ने लोकप्रिय विधायक अनिता भदेल की उपेक्षा की है। इस विरोध के कारण कुछ पार्षदों और मंडल अध्यक्षों ने कार्यक्रम का बहिष्कार किया।

नगर निगम द्वारा रीजनल चौपाटी पर सजाई गई 21 झांकियों की शुरुआत शंख ध्वनि और स्वस्ति वाचन से हुई। झांकियों के लिए वाटरप्रूफ ब्लॉक बनाए गए ताकि बारिश के बावजूद आयोजन प्रभावित न हो। दही हांडी का आयोजन भी हुआ, जिसमें 23 फीट ऊंची दही हांडी को तोड़ने वाली टीमों को पुरस्कार दिए गए। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, केंद्रीय राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Previous
Next

Related Posts