



जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री कन्हैया लाल चौधरी ने कहा है कि मालपुरा विधानसभा क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं आने दूंगा। मालपुरा विधानसभा सीट से अपनी जीत की हैट्रिक लगाने वाले जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री कन्हैया लाल चौधरी ने सोमवार को अपना 56 वां जन्म दिवस बड़े धूमधाम से अपने क्षेत्र की जनता और कार्यकर्ताओं के बीच मनाया।
जयपुर रोड पाण्डुकशिला कैंपस में आयोजित अभिनंदन और स्वागत समारोह में जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं भू - जल मंत्री कन्हैयालाल चौधरी ने कहा कि मालपुरा विधानसभा क्षेत्र की जनता के आशीर्वाद के कारण ही लगातार तीसरी बार विधायक बना हूं। साथ ही उन्होंने कहा कि राज्य की भाजपा सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में सरकार का प्रतिनिधि होने के नाते मालपुरा विधानसभा क्षेत्र के विकास में किसी प्रकार की कोई कमी नहीं छोडूंगा।
उन्होंने कहा कि मालपुरा को जिला बनाने के लिए गत शासन में की गई घोषणा थोथी घोषणा थी। प्रदेश में बनने वाले जिलों में पहला नंबर मालपुरा का होगा। मालपुरा को जिला बनाने के लिए उनकी ओर से किसी प्रकार की कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।
जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री कन्हैया लाल चौधरी ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हितों का भी पूरा ध्यान रख रही है ,पिछली कांग्रेस शासन में फसल बीमा में अधिकारियों की मिलीभगत से किसानों के साथ छलावा हुआ है।हमारी सरकार ने क्षेत्र में लगातार हो रही बरसात से हुए फसल खराबे की रिपोर्ट मांगी है सभी किसानों को फसल खराबे का मुआवजा देने का कार्य हमारी सरकार करेगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लगातार बरसात से लोगों को समस्याओं का सामना करना पड़ा है ,जनहानि भी हुई है। पीड़ित परिवारों के साथ राज्य सरकार संवेदनशील है। लेकिन बरसात से वर्तमान फसल का नुकसान तो हुआ है लेकिन आगामी फसल में इसका हमें पूरा फायदा मिलेगा। उन्होंने कहा कि बीसलपुर बांध भी जल्दी ही लबालब होने वाला है।
जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री कन्हैया लाल चौधरी का एक दर्जन से अधिक जगहों पर जेसीबी से पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया।जलदाय मंत्री कन्हैया लाल ने जन्मदिन पर पाण्डुकशिला परिसर में पौधारोपण भी किया। जिस दौरान कैबिनेट मंत्री ने अपनी धर्मपत्नी राधा चौधरी व समर्थकों के साथ केक काटकर और मालपुरा क्षेत्र की 56 प्रतिभाओं का सम्मान करके अपना 56 वां जन्मदिन मनाया। कैबिनेट मंत्री को बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं, शुभचिंतकों व मित्रगणों का बधाई देने वालों का दिनभर तांता लगा रहा।