



भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के भगवान श्रीकृष्ण पर दिए गए बयान की कड़ी निंदा की है। उन्होंने इसे सनातन धर्म और हिंदू आस्था का अपमान बताते हुए कहा कि डोटासरा की यह टिप्पणी कांग्रेस की सनातन विरोधी नीति का हिस्सा है। राठौड़ ने पूछा, "गोविंदा, थारो नाम कुण धरयो?"—उन्होंने डोटासरा के नाम का हवाला देते हुए कहा कि यह नाम उनके परिवार ने रखा था, जो भगवान श्रीकृष्ण का नाम है, और अब डोटासरा की टिप्पणी से उनके अपने परिवार के विश्वास पर भी सवाल उठते हैं।
राठौड़ ने यह भी तंज किया कि डोटासरा ने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के प्रति निष्ठा दिखाने के लिए भगवान श्रीकृष्ण पर अपमानजनक टिप्पणी की है। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान मंदिरों में जाने वाले कांग्रेसी नेता चुनाव खत्म होते ही अपने असली रंग में आ जाते हैं। उन्होंने डोटासरा को सलाह दी कि वे जन्माष्टमी के अवसर पर कृष्ण मंदिर जाकर अपने पापों का प्रायश्चित करें और करोड़ों हिंदुओं की आस्था को ठेस पहुंचाने के लिए माफी मांगें।