Saturday, 29 August 2026

जाति और धर्म मे बांट करके देश को तोडना चाहती हैं कांग्रेस: अग्रवाल


जाति और धर्म मे बांट करके देश को तोडना चाहती हैं कांग्रेस:  अग्रवाल

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं राजस्थान प्रभारी राधामोहन दास अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस जाति,धर्म के लोगो के बीच दंगे करा करके  देश का बंटवारा करना चाहती है।उन्होंने कहा कि यह वही नेहरू - राहुल गांधी की पार्टी है जिसने आजादी के समय देश में दो विधान,दो निशान बनाए इतना ही नहीं हाल ही में देश को तोड़ने के लिए लोकसभा चुनाव में संविधान खत्म किए जाने का दुष्प्रचार किया। उन्होंने कहा कि लेकिन देश की जनता ने इस चुनाव में भी  कांग्रेस को पूरी तरह से नकार दिया तथा तीसरी बार भाजपा की  सरकार बनी तथा तीसरी बार नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री बनें।

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं राजस्थान प्रभारी अग्रवाल ने शुक्रवार  को कृषि ऑडिटोरियम टोंक में देवली - उनियारा विधानसभा के उपचुनाव तथा संगठनात्मक बैठक में बोलते हुए कहा कि भाजपा वह पार्टी है जिसमें कार्यकर्ताओं  की सुनी जाती है। उन्होंने कहा कि हमारी  जनसंघ से भाजपा तक की इतनी लम्बी यात्रा में कहीं व्यक्ति,परिवार वाली  पार्टी नहीं बनी ।राहुल गांधी पर तंज  कसते हुए  अग्रवाल ने कहा कि हमारी पार्टी के अध्यक्ष श्यामा प्रसाद मुखर्जी की हत्या की गई ,नेहरू की कांग्रेस ने भारत विभाजन के साथ ही सिर्फ तुष्टिकरण की राजनीति के बीज बो दिए इतना ही नहीं पाकिस्तान के खिलाफ लड़ाई में  सैनिकों को लाहौर की तरफ जाने से रोकते हुए युद्ध विराम की घोषणा की। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अग्रवाल ने  राहुल गांधी को कोसते हुए अकबरवादी सोच की संज्ञा दी।

कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं टोंक विधायक सचिन पायलट को भी आड़े हाथों लेते हुए अग्रवाल ने  कहा कि पायलट की दौसा में हालत कमजोर हुई तो वह अल्पसंख्यकों के वोटों से जितने के लिए टोंक आ गए ,यह सोच कांग्रेस की है । उन्होंने कहा कि भाजपा की कथनी करनी में कोई अंतर नहीं है हमने धारा 370 हटाई,श्रीराम मंदिर बनाया । जम्मू कश्मीर चुनाव का जिक्र करते हुए अग्रवाल ने कहा कि हाल ही ने कश्मीर में चुनाव होने वाले है,जिसके लिए दो दलों ने अपने घोषणा पत्र में दो विधान, दो निशान तथा धारा 370 को बहाल किए जाने की घोषणा की है वहीं नेहरू की कांग्रेस जिसने देशविरोधी शक्तियों की मंशा के मुताबिक धारा 370 लगाई थी उसी कांग्रेस के राहुल गांधी ने इस चुनाव में मिल करके लड़ने का वायदा किया है। यह देश को फिर से रसातल में ले जाने की कोशिश है । कांग्रेस भारत को विखंडित करना चाहती है उस समय मुस्लिम लीग ने देश को बांटा वहीं कांग्रेस आज देश को बांटना चाहती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस देश में दंगा कराना चाहती है जिसका उदाहरण हाल ही में अनुसूचित जाति ,जनजाति  आरक्षण का वर्गीकरण मामले में सुप्रीम कोर्ट के आदेश  के बाद कांग्रेस ने न तो एक शब्द  बोला न ही विरोध किया, लेकिन नौ अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फैसला लिया कि हम इस फैसले को लागू नहीं कर सकते तो अगले दिन ही कांग्रेस का बयान आ गया यह कांग्रेस की सोची समझी साजिश थी।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि देवली - उनियारा विधानसभा उपचुनाव में भाजपा की जीत कार्यकर्ताओं की होगी। उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव में हार का कारण कांग्रेस ने तुष्टिकरण करके समाज को तोड़ने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समाज को देश को जोड़ना चाहते है लेकिन कांग्रेस देश को तोड़ने की कोशिश में लगी है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को तीसरी बार जनता ने बहुमत से सरकार बनाई ,वहीं राजस्थान में भाजपा की डबल इंजन की सरकार बनाई। हम समाज को एक रखना चाहते है संविधान से कोई छेड़छाड़ नहीं होगी, चाहे सड़क,बिजली व पानी का मामला हो केंद्र तथा राज्य सरकार ने जनता के लिए अपना खजाना खोल दिया।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने बिजली संकट की चर्चा करते हुए कहा कि कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार ने कोयला की जगह लिग्नाइट डाल दिया जिसका खामियाजा प्रदेश की जनता को भुगतना पड़ा।साथ ही कहा कि इतने कम समय में बिजली का उत्पादन करना साथ ही कांग्रेस सरकार में उधार ली गई बिजली लौटाना बड़ी चुनौती है । उन्होंने बांग्ला देश में अराजकता एवं हिंदुओ के साथ हो रहे अत्याचार का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी कूटनीति के कारण वहां भारतीयों को राहत मिली है । कांग्रेस सहित विपक्षी दलों के गठबन्धन को भानुमति का कुनबा बताते हुए कहा कि अब समय आ गया है भारत को मजबूती से खड़ा करना होगा हमें व्यक्तिगत हितों की जगह राष्ट्रहित की सोच से कम करना होगा। पांच साल तक कांग्रेस आपस में लडती रही ,गहलोत पांच साल तक सिर्फ कुर्सी का पाया पकड़े रखा।लेकिन अब राजस्थान में सेवाभावी सरकार बनी है विकास रुकने वाला नहीं है।

उन्होंने देवली - उनियारा विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए भजनलाल सरकार की तरफ से कराए गए विकास कार्यों तथा स्वीकृत बजट गिनाते हुए कहा कि पांच साल में कांग्रेस ने विकास की दृष्टि से देवली - उनियारा पिछड़ा है।

भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह मेहता ने कहा कि राज्य में भजनलाल शर्मा की सरकार बनने के बाद प्रदेश में विकास को गति मिली है,कांग्रेस के कुशासन से जनता को राहत मिली है। उन्होंने कहा कि किसानों के लिए सम्मान निधि में राजस्थान में दो हजार रूपए की राशि अतिरिक्त राज्य सरकार ने दी है।उन्होंने कहा कि देवली - उनियारा विधानसभा उपचुनाव में भाजपा का कमल खिलेगा।

बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री राधामोहन दास अग्रवाल,सह प्रभारी विजया ताई राहतकर, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री कन्हैया लाल चैधरी,ऊर्जा मंत्री एवं टोंक जिला प्रभारी मंत्री हीरालाल नागर,निवाई विधायक रामसहाय वर्मा ,जिला प्रमुख सरोज बंसल,भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं सांसद दामोदरदास अग्रवाल,जितेंद्र गोठवाल,पूर्व  मंत्री प्रभुलाल सैनी,देवली - उनियारा के पूर्व विधायक राजेंद्र गुर्जर,टोंक जिला सह प्रभारी एवं श्रीदेवनारायण बोर्ड के अध्यक्ष  ओम प्रकाश सहित टोंक जिले के भाजपा पदाधिकारीगण एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।

Previous
Next

Related Posts