



मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि जयपुर में शुरू हो रहे उत्तर भारत के पहले विप्रो हाइड्रोलिक प्लांट से रोजगार को बढ़ावा मिलेगा तथा यह राज्य की आर्थिक प्रगति में भी सहायक होगा। उन्होंने कहा कि राजस्थान में उद्योगों के लिए अपार संभावनाएं हैं। हमारी सरकार प्रदेश के औद्योगिक विकास के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। उन्होंने प्रदेश में निवेश को बढ़ावा देने के लिए 9-11 दिसंबर तक जयपुर में आयोजित होने वाले ‘राइजिंग राजस्थान’ इन्वेस्टमेंट समिट में निवेशकों को आमंत्रित भी किया।
मुख्यमंत्री शर्मा गुरूवार को महिन्द्रा वल्र्ड सिटी में विप्रो हाइड्रोलिक प्लांट के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हाइड्रोलिक सिलेंडर का आज कन्स्ट्रक्शन, अर्थमूविंग, यूटिलिटी एवं लिफिं्टग, कृषि, वानिकी, खनन जैसे अनेक क्षेत्रों में उपयोग हो रहा है। ऐसे में देश-विदेश में बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए यह संयंत्र उपयोगी साबित होगा। साथ ही, उन्होंने उम्मीद जताई कि इस संयंत्र का आगे विस्तार भी किया जाएगा।
अजीम प्रेमजी की दूरदर्शिता से आज विप्रो बनी दिग्गज कंपनी
मुख्यमंत्री शर्मा ने अजीम प्रेमजी का जयपुर में विप्रो हाइड्रोलिक प्लांट की शुरूआत करने के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि अजीम प्रेमजी ने विप्रो का 53 वर्ष तक नेतृत्व किया है तभी विप्रो आज इस मुकाम तक पहुंची है। एक काॅर्पोरेट समूह के रूप में विप्रो की देश-दुनिया में प्रतिष्ठा है। आईटी, इंजीनियरिंग, एफएमसीजी जैसे क्षेत्रों में यह दिग्गज कंपनी मानी जाती है। साथ ही, प्रदेश सरकार के साथ मिलकर अजीम प्रेमजी फाउंडेशन शिक्षा के क्षेत्र में भी बेहतरीन काम कर रहा है।
विप्रो के चेयरमैन अजीम प्रेमजी ने कहा कि हाइड्रोलिक प्लांट की स्थापना के लिए उत्तर भारत में सर्वाधिक उपयुक्त जगह हमें राजस्थान लगा तथा श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार ने भी हमें पूरा सहयोग दिया। सरकार द्वारा समयबद्ध सुविधाएं उपलब्ध होने से कम समय में ही यह प्लांट बनकर तैयार हो गया। उन्होंने कहा कि अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के तहत राजस्थान में शिक्षा गुणवत्ता एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में विभिन्न कार्य किए जा रहे हैं तथा आगे भी यह कार्य निरंतर जारी रहेंगे। इससे पहले मुख्यमंत्री शर्मा ने हाइड्रोलिक प्लांट का निरीक्षण किया। इस अवसर पर विधायक कैलाश वर्मा, प्रमुख शासन सचिव उद्योग अजिताभ शर्मा, जेसीबी इंडिया लिमिटेड के सीईओ दीपक शेट्टी, विप्रो हाइड्रोक्यूलिस अध्यक्ष सीताराम गणेशन सहित विप्रो कंपनी के पदाधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।