



टोंक जिला कलक्टर डाॅ. सौम्या झा ने शुक्रवार को जिले के अतिवृष्टि और जल भराव प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। जिला कलक्टर ने उपखंड पीपलू के ग्राम बगड़ी, खेड़ा एवं बगड़ी-पीपलू रपट का जायजा लिया।
जिला कलक्टर ने बगड़ी-पीपलू रपट पर मौजूद पुलिस के जवानों को लोगों की आवाजाही रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम पंचायत सरपंच को लोगों से रपट पर न जाने की समझाईश करने के लिए कहा। इसके बाद जिला कलक्टर ने उपखंड निवाई के मनोहरपुरा-जोधपुरिया धाम जाने वाले सड़क मार्ग पर मांशी नदी के तेज बहाव से क्षतिग्रस्त हुए रपट का निरीक्षण किया। सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता से दूरभाष पर बात कर नदी का बहाव कम होने पर रपट की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। इस दौरान उपखंड अधिकारी सुरेश कुमार हरसौलिया भी मौजूद थे।
जिला कलक्टर डाॅ. सौम्या झा ने उपखंड क्षेत्र निवाई के सबसे बड़े बांध मांशी बांध का दौरा करके बांध से पानी की निकासी एवं सुरक्षा की दृष्टि से जायजा लिया। वहां मौजूद लोगांे से समझाईश करते हुए जिला कलक्टर ने कहा कि बांध के जल भराव एवं नदी नालों के तेज बहाव से दूर रहे।
किसानों के फसल खराब का मुआवजा दिलाने की बात पर जिला कलक्टर डाॅ. सौम्या झा ने कहा कि प्रशासन द्वारा गिरदावरी कराने के निर्देश दिए गए है। रिपोर्ट आने पर नुकसान के आधार पर किसानों को मुआवजा दिया जाएगा। जिला कलक्टर ने उपखंड अधिकारी सुरेश कुमार हरसौलिया को जल भराव वाले क्षेत्रों में राहत कार्य मुस्तैदी से किए जाने के निर्देश दिए।