Saturday, 29 August 2026

भारी बारिश से भी कम नहीं हुआ आज़ादी के जश्न का जोश, हर्षाेल्लास से मनाया 78 वां स्वाधीनता दिवस, जलदाय एवं भू जल मंत्री कन्हैया लाल चौधरी ने किया ध्वजारोहण


भारी बारिश से भी कम नहीं हुआ आज़ादी के जश्न का जोश, हर्षाेल्लास से मनाया 78 वां स्वाधीनता दिवस, जलदाय एवं भू जल मंत्री  कन्हैया लाल चौधरी ने किया ध्वजारोहण

टोंक जिलेे भर में गुरुवार को भारी बारिश से भी आज़ादी का जोश कम नहीं हुआ। पूरे जिले में 78 वां स्वाधीनता दिवस गुरुवार को बेहद हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। जिला स्तरीय मुख्य समारोह पुलिस लाइन ग्राउण्ड में आयोजित किया गया, जहां समारोह के मुख्य अतिथि जलदाय और भू जल मंत्री कन्हैया लाल चौधरी ने  ध्वजारोहण किया।

समारोह में मुख्य अतिथि ने सलामी, परेड निरीक्षण कर शहीदों की वीरांगनाओं एवं लोकतंत्र सेनानियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। साथ ही, जिले में उत्कृष्ट कार्य के लिए 76 प्रतिभाओं को प्रमाण-पत्र और स्मृति चिह्न भेंट किए। अतिरिक्त जिला कलेक्टर सुरेश चौधरी ने महामहिम राज्यपाल के संदेश का पठन किया। मंच संचालन कवि प्रदीप पंवार और गिरदावर दीनदयाल गुप्ता ने किया।

जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी व भू-जल मंत्री कन्हैया लाल चौधरी ने 78 वें स्वतंत्रता दिवस की सभी को बधाई देते हुए भारत माता की रक्षा एवं राष्ट्र की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले सभी स्वतंत्रता सेनानियों को कोटि-कोटि नमन एवं विनम्र श्रद्धांजलि दी।उन्होंने कहा कि  स्वाधीनता के इस राष्ट्रीय पर्व को हम सभी एकजुट होकर मनाएँ तथा भारत को समृद्ध एवं विकसित राष्ट्र बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। साथ ही  सब मिलकर इस महान देश की एकता,अखंडता एवं अक्षुण्णता को सदैव अक्षुण्ण बनाए रखने का दृढ़ संकल्प लें।समारोह में जिला प्रमुख सरोज बंसल, जिला कलेक्टर डॉ. सौम्या झा, पुलिस अधीक्षक संजीव नैन, भाजपा जिलाध्यक्ष एवं  पूर्व विधायक अजीत सिंह मेहता एवं राजेंद्र गुर्जर, पूर्व सभापति लक्ष्मी जैन, सीईओ प्रतिष्ठा पिलानिया, एसडीएम राहुल सैनी समेत जिला स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

स्वाधीनता दिवस को  जिला कलेक्टर डॉ. सौम्या झा ने जिला मुख्यालय के पवेलियन मैदान स्थित शहीद स्मारक पर पुष्प चक्र अर्पित कर शहीदों को नमन किया। इस दौरान सैनिक कल्याण अधिकारी उमराव सिंह समेत अन्य भूतपूर्व सैनिक भी उपस्थित रहे। इससे पूर्व जिला कलेक्टर ने कलेक्टर निवास एवं कलेक्ट्रेट कार्यालय पर ध्वजारोहण किया।

हर घर तिरंगा अभियान के तहत रक्तदान शिविर 

स्वाधीनता दिवस एवं हर घर तिरंगा अभियान के तहत पुलिस लाईन के अन्वेषण भवन में 15 अगस्त को जिला स्तरीय रक्तदान शिविर का आयोजन हुआ। जलदाय मंत्री  कन्हैयालाल चौधरी ने रक्तदान शिविर का अवलोकन कर कहा कि रक्त की एक-एक बूंद मनुष्य जीवन को बचाने के लिए आवश्यक है। इसलिए रक्तदान को महादान कहा गया है। उन्होंने रक्तदाताओं द्वारा इस महादान में अपना योगदान देने की सराहना की। इस अवसर पर जिला प्रमुख सरोज बंसल, जिला कलेक्टर डॉ. सौम्या झा, पुलिस अधीक्षक संजीव नैन,  पूर्व विधायक अजीत सिंह मेहता एवं राजेंद्र गुर्जर, पूर्व सभापति लक्ष्मी जैन, एसडीएम राहुल सैनी समेत बड़ी संख्या में रक्तदाता एवं गणमान्य नागरिक मौजूद थे।

Previous
Next

Related Posts