Thursday, 19 September 2024

मुख्यमंत्री शर्मा ने जैसलमेर में बीएसएफ चौकी का किया दौरा, मां तनोटराय के दर्शन कर प्रदेश में सुख-शांति की कामना की


मुख्यमंत्री शर्मा ने जैसलमेर में बीएसएफ चौकी का किया दौरा, मां तनोटराय के दर्शन कर प्रदेश में सुख-शांति की कामना की

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि हमारे जवानों द्वारा सीमा पर मुस्तैदी से की जा रही चौकसी के कारण ही देश की जनता सुरक्षित है और देश में अमन-चैन कायम है। उन्होंने कहां कि सीमा सुरक्षा बल के जवान राष्ट्र के हर व्यक्ति के लिए वंदनीय है। 

मुख्यमंत्री शर्मा बुधवार को जैसलमेर में भारत-पाक सीमा पर स्थित बाबलियानवाला चौकी पर तैनात बीएसएफ के जवानों को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने जवानों के पुरुषार्थ की प्रशंसा करते हुए कहा कि कड़ी धूप में जहां आम व्यक्ति के लिए कुछ मिनट भी खड़े रहना मुश्किल होता है, वहीं हमारे जांबाज सीमा प्रहरी राष्ट्रभक्ति के भाव से सीमा पर मुस्तैदी से चौकसी करते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जवानों के बीच आकर उन्हें नई ऊर्जा का अहसास हो रहा है और ये पल उनके लिए अविस्मरणीय रहेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सदैव सीमा सुरक्षा बल के साथ है और सरकार की ओर से उन्हें हर संभव सुविधाएं और सहायता उपलब्ध करवायी जाएंगी।

मुख्यमंत्री शर्मा ने जवानों को दी स्वाधीनता दिवस की बधाई

मुख्यमंत्री शर्मा ने बाबलियानवाला सीमा चौकी का दौरा किया एवं दूरबीन से सीमा का अवलोकन किया। उन्होंने जवानों एवं अधिकारियों से भी मुलाकात की और उन्हें स्वाधीनता दिवस की बधाई देते हुए मिठाई वितरित की। महिला जवानों ने मुख्यमंत्री को रक्षा सूत्र भी बांधें। सीमा सुरक्षा बल के महानिरीक्षक एम.एल. गर्ग, उप महानिरीक्षक योगेन्द्र सिंह राठौड एवं 166 बटालियन के कमाण्डेंट वीरेन्द्र प्रताप सिंह ने स्मृति चिन्ह् भेट कर मुख्यमंत्री का अभिनन्दन किया।

मुख्यमंत्री शर्माने किए मां तनोटराय के दर्शन

इससे पहले मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने आदिशक्ति मां तनोटराय के दर्शन किए एवं पूजा-अर्चना की। उन्होंने देश व प्रदेश में सुख-समृद्वि तथा खुशहाली की मंगल कामना की। मुख्यमंत्री ने वहां स्थित शिव मन्दिर के भी दर्शन किए एवं परिसर में स्थित विजय स्तम्भ पर पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। 

इस दौरान उप मुख्यमंत्री प्रेमचन्द बैरवा, जैसलमेर विधायक छोटूसिंह भाटी, संभागीय आयुक्त बीएल मेहरा, पुलिस महानिरीक्षक विकास कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Previous
Next

Related Posts